किस देश के साथ कितनी सीमा साझा करता है भारत, जानें

भारत जनसंख्या के मामले में पहले पायदान पर आ गया है। वहीं, यहां के क्षेत्रफल की बात करें, तो यह 3,287,263 वर्ग किलोमीटर है, जो कि इसे दुनिया का सातवां सबसे बड़ा देश बनाती है। अपना देश पूर्व से लेकर पश्चिम और उत्तर समेत विभिन्न देशों के साथ अपनी सीमा को साझा करता है। भारत में एक छोर से दूसरे छोर तक की लंबाई की बात करें, तो यह पूर्व से लेकर पश्चिम तक 2,933 किलोमीटर और उत्तर से दक्षिण तक 3,215 किलोमीटर है। वहीं, इसकी भूमी सीमा 15,200 किलोमीटर है, जबकि इसकी तटरेखा 7,516.6 किमी है। इन सभी आंकड़ों के साथ भारत कई देशों के साथ अपनी सीमा को भी साझा करता है। क्या आपको पता है कि भारत किस देश के साथ कितनी सीमा साझा करता है। यदि नहीं, तो इस आर्टिकल के माध्यम से हम जानेंगे।
भारत के कितने राज्यों से गुजरती है देश की सीमा
भारत की भूमि सीमा 15,200 किलोमीटर है, जो कि 17 प्रदेशों के 82 जिलों से होकर गुजरती है। वहीं, तटीय रेखा का आंकड़ा 7,516.6 किलोमीटर है, जो कि 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सो होकर गुजरती है।
कितने देशों के साथ सीमा साझा करता है भारत
भारत कुल सात देशों के साथ सीमा साझा करता है। इन देशों में चीन, पाकिस्तान, भूटान, अफगानिस्तान, म्यांमार, बांग्लादेश और नेपाल है।
बांग्लादेश के साथ सबसे अधिक साझा होती है सीमा
आपको बता दें कि भारत का पड़ोसी देश बांग्लादेश इकलौता ऐसा देश है, जिसके साथ भारत की सबसे अधिक सीमा साझा होती है। भारत इस देश के साथ अपनी 4,096.7 किलोमीटर की सीमा साझा करता है।
चीन के साथ कितनी है सीमा
भारत के साथ अपने रिश्तों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाला देश चीन भारत का पड़ोसी देश है, जिसके साथ भारत अपनी 3,488 किलोमीटर की सीमा को साझा करता है।
पाकिस्तान के साथ है इतनी सीमा
भारत अपने पड़ोसी देश पाकिस्तान के साथ अपनी अधिक सीमा को साझा करता है, जिसकी संख्या 3,323 किलोमीटर है।
नेपाल के साथ कितनी लगती है सीमा
भारत का पड़ोसी देश नेपाल भी है, जहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। भारत के साथ नेपाल के अच्छे संबंध भी हैं। हालांकि, कुछ जगहों पर सीमा साझा को लेकर कुछ विवाद भी रहा है। भारत नेपाल के साथ अपनी 1751 किलोमीटर की सीमा को साझा करता है।
म्यांमार के साथ लगती है इतनी सीमा
भारत का पड़ोसी देश म्यांमार भी है, जिसके साथ भारत अपनी 1643 किलोमीटर की सीमा साझा करता है।
भूटान के साथ साझा होने वाली सीमा
भारत अपने पड़ोसी देश भूटान के साथ कुल 699 किलोमीटर की सीमा साझा करता है। भारत और भूटान के बीच अच्छे संबंध रहे हैं। आपको बता दें कि साल 1971 में भारत के प्रयास की वजह से ही भूटान संयुक्त राष्ट्र का सदस्य बना था।
अफगानिस्तान के साथ साझा होती है सबसे कम सीमा
भारत के पड़ोसी देशों में अफगानिस्तान एक ऐसा देश है, जिसके साथ भारत अपनी 106 किलोमीटर की सीमा को साझा करता है।