Maha Shivaratri 2023: भारत में कहां मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव, जानें

Maha Shivaratri 2023: भगवान शिव यानि देवों के देव महादेव, जो कि करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र हैं। भारत में अमूमन सभी मंदिरों में भगवान शिव की मूर्ति के दर्शन हो जाएंगे। वहीं, महाशिवरात्रि का पर्व नजदीक आते ही मंदिरों को रंगने के साथ रंग-बिरंगी लाइटों से सजाने का क्रम जारी हो गया है। इस पर्व पर भगवान शिव पर दूध, दही, बेलपत्थर व फूल समेत अन्य पूजन सामाग्री चढ़ाई जाती है। हालांकि, क्या आपको पता है कि महाशिवरात्रि के मौके पर भारत में एक जगह ऐसी भी है, जहां अंतरराष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन किया जाता है। यदि नहीं, तो हम आपको इस लेख के माध्यम से बताएंगे कि कहां पर इस महोत्सव का आयोजन किया जाता है और कौन इसे आयोजित करता है।
हिमाचल प्रदेश में आयोजित होता है अंतरराष्ट्रीय महोत्सव
भारत के हिमाचल प्रदेश में वैसे तो कई पर्यटन स्थल है, जहां हर साल मौसम बदलने के साथ लोग पर्यटन के लिए पहुंचते हैं। हालांकि, यहां स्थित मंडी एक धार्मिक नगरी भी है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में शिवरात्रि के मौके पर यहां पर अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जाता है। यह महोत्सव यहां काफी लोकप्रिय है, जिसमें दूर-दूर से लोग शामिल होने के लिए पहुंचते हैं।
7 दिनों तक चलता है महोत्सव
इस महोत्सव का आयोजन हमेशा फरवरी या मार्च में किया जाता है। इन माह में जब भी शिवरात्रि आती है, तभी से महोत्सव शुरू हो जाता है और अगले सात दिनों तक चलता है। इस दौरान महोत्सव में मेले का भी आयोजन होता है, जिसमें धार्मिक महत्व के साथ-साथ खरीददारी के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
81 मंदिरों के देवी-देवताओं को किया जाता है आमंत्रित
महोत्सव के दौरान मंडी में 81 मंदिरों के देवी-देवताओं को आमंत्रित किया जाता है। चूंकि, मंडी में कई देवी देवताओं के मंदिर हैं। ऐसे में मंडी को पहाड़ों की वाराणसी भी कहा जाता है।
भूतनाथ मंदिर पर होता है केंद्रित
पहाड़ों पर होने वाला यह महोत्सव मंडी में ही बने भूतनाथ मंदिर पर केंद्रित होता है। भूतनाथ मंदिर भगवान शिव का मंदिर है। इस मंदिर का निर्माण मंडी के राजा रहे राजा अजबर सेन ने कराया था, जो कि मंडी टाउन के बीच में बना हुआ है।
ब्यास नदी के किनारे बसा हुआ है मंडी शहर
हिमाचल प्रदेश का मंडी शहर ब्यास नदी के किनारे बसा हुआ है, जो कि अपनी मनोहर प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यहां पर सेब का उत्पादन भी होता है। वहीं, मंडी शहर अपने मंदिरों के लिए भी लोगों के बीच प्रसिद्ध है।
पढ़ेंः देश की ऐसी जगह जहां Google और Coffee होते हैं इंसानों के नाम