भारत को विविधताओं का देश कहा जाता है। यहां के यदि हर शहर का भ्रमण किया जाए, तो आपको कई विविधताएं देखने को मिल जाएंगी। किसी शहर का जायका आपकी जुबान पर चढ़ जाएगा, तो किसी शहर की संस्कृति का रंग आप पर चढ़ने लगेगा।
अलग-अलग शहरों की अनूठी परंपराएं और यहां की वेशभूषा लोगों को आकर्षित करने का काम करती हैं। वहीं, इनके अलावा यहां के उत्पाद भी लोगों के आकर्षित होने के प्रमुख कारणों में से एक है। ऐसे में हमने भी अपने पिछले कई लेखों में भारत के अलग-अलग शहरों के बारे में जाना है।
इस कड़ी में इस लेख के माध्यम से हम भारत के ऐसे शहर के बारे में जानेंगे, जिसे ‘Motor City’ के नाम से भी जाना जाता है। कौन-सा है यह शहर और भारत के किस राज्य में है स्थित, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
किस शहर को कहा जाता है ‘Motor City’
अब सवाल यह है कि आखिर किस शहर को मोटर सिटी के नाम से जाना जाता है। सबसे पहले, तो हम यह जान लेते हैं कि यहां मोटर सिटी से हमारा क्या तात्पर्य है। दरअसल, मोटर सिटी यहां पर ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए इस्तेमाल किया गया है न कि घरों और फैक्ट्रियों में इस्तेमाल होने वाली छोटी मोटर के लिए इस्तेमाल हुआ है।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र राज्य के पुणे शहर को हम मोटर सिटी के नाम से जानते हैं।
क्यों कहा जाता है ‘Motor City’
अब सवाल यह है कि भारत में बहुत से शहर मौजूद हैं। ऐसे में सिर्फ पुणे शहर को ही मोटर सिटी क्यों कहा जाता है। दरअसल, पुणे शहर एक ऑटोमोबाइल सेक्टर का हब है। यहां पर वाहन निर्माण के कई बड़े-बड़े प्लांट हैं, जिनमें निजी वाहन से लेकर कमर्शियल वाहनों को तैयार किया जाता है। देश के अलग-अलग राज्यों में वाहन निर्माण प्लांट हैं, लेकिन पुणे शहर में इनकी संख्या अधिक है।
किन गाड़ियों का होता है निर्माण
पुणे शहर में चाकण, बारामती और छिंछवाड प्रमुख रूप से वाहन निर्माण प्लांट के लिए जाना जाता है। यहां पर सबसे अधिक प्लांट चाकण में मौजूद हैं। इन तीन प्रमुख स्थानों पर प्रिमियम कारें, ट्रैक्टर, अर्थ मूविंग वाहन, ऑटोरिक्शा, इलेक्ट्रिक बाइकें, इलेक्ट्रिक ऑटो, सुपरबाइक्स, मिनी बस व क्रेन का निर्माण किया जाता है।
पढ़ेंः भारत के किस शहर को कहा जाता है ‘चूड़ियों का शहर’, जानें
पढ़ेंः भारत में किस शहर को कहा जाता है ‘शहरों का शहर’, जानें