उत्तर प्रदेश की इकलौती रामलीला, 31 दिनों तक होता है आयोजन, UNESCO की लिस्ट में है शामिल
आपने उत्तर प्रदेश के अयोध्या, मुरादाबाद और आगरा की रामलीला के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यूपी के एक शहर की रामलीला ऐसी भी है, जिसका आयोजन 31 दिनों तक चलता है। इसे UNESCO ने भी अपनी लिस्ट में शामिल किया है।
उत्तर प्रदेश में अयोध्या को राम की नगरी कहा जाता है। यह शहर हर साल यहां होने वाले रामलीला आयोजन के लिए जाना जाता है। इसके अलावा आपने मुरादाबाद और आगरा की रामलीला के बारे में भी पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यूपी में एक शहर ऐसा है, जहां रामलीला का आयोजन 10 या 11 दिन नहीं, बल्कि 31 दिनों तक होता है। इस रामलीला को UNESCO ने भी मान्यता देते हुए अपनी लिस्ट में शामिल किया है।
रामनगर की रामलीला है खास
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित रामनगर की रामलीला दुनिया की सबसे पुरानी और अनोखी रामलीलाओं में से एक है। इसका आयोजन पूरे 31 दिनों तक होता है, जो इसे भारत की सबसे लंबी और सबसे पारंपरिक रामलीला बनाता है। UNESCO ने इसे अपनी Intangible Cultural Heritage की लिस्ट में शामिल किया है।
क्या है रामलीला का इतिहास
इस ऐतिहासिक रामलीला की शुरुआत लगभग 200 साल पहले 1830 के दशक में तत्कालीन काशी नरेश यानि वाराणसी के राजा उदित नारायण सिंह ने की थी। तब से लेकर आज तक काशी राजपरिवार ही इसके आयोजन का मुख्य संरक्षक बना हुआ है। आज भी रामनगर की रामलीला की प्रत्येक शाम काशी नरेश के आने के बाद ही शुरू होती है।
सिर्फ एक मंच पर नहीं होती लीला
रामनगर की रामलीला की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह किसी एक बंधे हुए मंच पर नहीं होती। इसके बजाय, पूरा रामनगर शहर और गंगा नदी के किनारे का एरिया ही एक खुला मंच बन जाता है। यहां शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थायी संरचनाएं बनाई गई हैं, जिन्हें अयोध्या, जनकपुर, चित्रकूट, पंचवटी, किष्किंधा, लंका और अशोक वाटिका का नाम दिया गया है। जैसे-जैसे रामकथा आगे बढ़ती है, रामलीला का स्थान भी बदलता रहता है। दर्शक भी भगवान राम के जीवन की यात्रा को जीवंत महसूस करते हुए अभिनेताओं के साथ-साथ कई किलोमीटर तक पैदल चलते हैं।
चकाचौंध से है दूर
आधुनिकता के इस दौर में भी रामनगर की रामलीला ने अपनी 200 साल पुरानी परंपरा को पूरी तरह बचाकर रखा है। इसमें आज भी किसी भी प्रकार के माइक या लाउडस्पीकर का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं होता है। कलाकार अपनी स्वाभाविक और तेज आवाज में ही संवाद बोलते हैं, जिसे हजारों दर्शक बिल्कुल शांत रहकर सुनते हैं। इसके अलावा, बिजली की चकाचौंध के बजाय आज भी गैस बत्ती (पेट्रोमैक्स) और मशालों की पीली रोशनी में ही रामलीला का मंचन किया जाता है।
31 दिनों तक चलती है रामलीला
इस रामलीला में भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के किरदार 13 से 14 साल से कम उम्र के किशोरों द्वारा निभाए जाते हैं। इन्हें 'स्वरूप' कहा जाता है। लीला के 31 दिनों तक ये स्वरूप आम लोगों से दूर अकेले रहते हैं। वहीं, रामनगर की रामलीला देखने आने वाले श्रद्धालुओं को 'नेमी' कहा जाता है। इनमें कई ऐसे दर्शक होते हैं, जो पीढ़ियों से हर साल पूरे 31 दिन नंगे पैर चलकर इस रामलीला का हिस्सा बनते हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.