1. Home
  2. Hindi
  3. जानें कौन हैं भारतीय महिला पायलट, जिन्होंने विदेश में फाइटर प्लेन उड़ाकर बनाया इतिहास

जानें कौन हैं भारतीय महिला पायलट, जिन्होंने विदेश में फाइटर प्लेन उड़ाकर बनाया इतिहास

इस लेख के माध्यम से हम आपको भारतीय महिला फायटर पायलट के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने विदेशी आसमान में फायटर प्लेन उड़ाकर इतिहास रचा है। जानने के लिए यह लेख पढ़ें।

जानें कौन हैं भारतीय महिला पायलट, जिन्होंने विदेश में फाइटर प्लेन उड़ाकर बनाया इतिहास
जानें कौन हैं भारतीय महिला पायलट, जिन्होंने विदेश में फाइटर प्लेन उड़ाकर बनाया इतिहास

भारतीय वायु सेना अपने जज्बे के लिए जानी जाती है, जो अपने दम खम से दुश्मनों को पस्त करने के लिए काफी है। वहीं, युद्ध में बल के साथ बुद्धि का इस्तेमाल कब और कितना करना है, यह भी सेना के जवानों के अच्छी तरह पता होता है। यदि बात फाइटर प्लेन की हो, तो सेना के पायलट आसमान से ही अपने जज्बे का परिचय देते हुए युद्ध में दुश्मनों के दांत खट्टे करने के लिए उतरते हैं। बीत कुछ वर्षों में सेना में महिला पायलटों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। हाल ही में महिला फायटर पायलट अवनि चतुर्वेदी ने विदेशी आसमान में फायटर प्लेन उड़ाकर इतिहास रचा है। आखिर उन्होंने कैसे रचा इतिहास, इस लेख के माध्यम से जानते हैं।  

 

जापान में आसमान में उड़ाया प्लेन

अवनी चतुर्वेदी ने जापान में ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने जापान में होने वाले हवाई युद्ध अभ्यास में हिस्सा लिया। अवनी वीर गार्डियन 2023 का हिस्सा बन भारत और जापान के बीच हुए पहले संयुक्त हवाई युद्धाभ्यास में आसमान की ऊचांइयों तक पहुंची। इस युद्धाभ्यास का आयोजन हयाकुरी एयरबेस पर किया गया था। 



सुखोई फाइटर प्लेन उड़ाकर रचा इतिहास

जापान में युद्धाभ्यास का आयोजन 16 से 26 जनवरी के बीच किया गया था, जिसमें भारतीय वायु सेना के चार सुखोई-30 एमकेआई, 2 प्लेन C-17 और एक IL-78 विमान शामिल रहे। वहीं, जापान की ओर से 4 F-2 और 4 F-15 फाइटर जेट शामिल किए गए थे। इस युद्धाभ्यास में अवनी ने सुखोई प्लेन उड़ाकर इतिहास रचा है। 



कौन हैं अवनी चतुर्वेदी

 

अवनी चतुर्वेदी मूल रूप से मध्यप्रदेश के रीवा की रहनी वाली हैं। उन्होंने राजस्थान के वनस्थली विद्यापीठ से बीटेक कंप्यूटर साइंस की शिक्षा पूरी की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के ही फ्लाइंग क्लब को ज्वाइन कर विमान उड़ाना सीखा था। वहीं, इसके बाद वह भारतीय वायु सेना में शामिल हो गईं और हैदराबाद स्थित अकादमी में छह महीने तक वायु सेना का प्रशिक्षण लिया। 

 

पहली भारतीय महिला फायटर पायलट हैं अवनी

 

स्क्वॉड्रन लीडर अवनी उन 3 भारतीय महिला पायलटों में शामिल हैं, जो जून 2016 में पहली बार महिला फाइटर पायलट बनीं थीं। अवनी चतुर्वेदी साल 2018 में  फ्लाईंग अफसर के तौर पर मिग-21 उड़ा चुकी हैं। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बनीं थी। अब वह सुखोई-30 फाइटर विमान उड़ाती हैं।  




भारतीय सेनाओं में कुल कितनी महिला पायलट

 

भारतीय सेनाओं में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी प्लेन उड़ाने की जिम्मेदारी निभा रही हैं। वायुसेना में 17 महिला फाइटर पायलट सेवाएं दे रही हैं, जबकि भारतीय थल और भारतीय नौसेना में कुल 145 महिला पायलट हैं, जो हेलिकॉप्टर उड़ाने के साथ-साथ मालवाहक विमान भी उड़ा रही हैं। 



पढ़ेंः IAS Success Story: Hospital में दिन-रात की पढ़ाई, Doctor से IAS बनीं अक्षिता गुप्ता