भारत सांस्कृतिक विविधता और भौगोलिक रूप से विशाल देश है। इसके खूबसूरत परिदृश्य, समृद्ध इतिहास और संस्कृति को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी आते हैं, जो उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक बसे इसके विभिन्न राज्यों की खूबसूरती को निहारने के साथ कैमरे में कैद कर अपने देश ले जाते हैं। पर्यटन मंत्रालय ने साल 2021 की पर्यटन को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें अलग-अलग शहरों में पहुंचे विदेशी पर्यटकों के आंकड़ों को देखते हुए उन्हें रैंकिंग दी गई है। तो आइये जानते हैं कि किस शहर में और कितने विदेशी पर्यटकों ने वहां की खूबसूरती को देखा।
रैंकिंग 1ः दिल्ली
विदेशी पर्यटक: 60,6238
पूरे देश की दिल कही जाने वाली दिल्ली भारत की राष्ट्रीय राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश है। यह कई राजनीतिक स्थलों, ब्रिटिश औपनिवेशिक वास्तुकला और कुतुब मीनार, हुमायूं के मकबरे, लाल किला, सफदरजंग मकबरा और पुराना किला इत्यादि जैसे मुगल स्मारकों के लिए प्रसिद्ध है. दिल्ली की इतिहास देखने के साथ यहां की खूबसूरती को निहराने भी हर साल बड़ी सख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं। यही वजह है कि साल 2021 में यहां सबसे अधिक विदेशी पर्यटक पहुंचे हैं और इसे पहले पायदान पर रखा गया है।
दिल्ली के कुछ प्रसिद्ध स्थान इस प्रकार हैं:
- लाल किला
- जामा मस्जिद
- चांदनी चौक
- स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर
- हुमायूं का मकबरा
- लोधी गार्डन
- कुतुब मीनार
- गांधी स्मृति और राज घाट
- इंडिया गेट
- लोटस टेम्पल
-इंडिया गेट
-कनॉट प्लेस
रैंकिंग 2ः मुंबई
विदेशी पर्यटकः 212428
मुंबई का पुराना नाम बांबे हुआ करता था। यह महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में से एक है। इसके साथ ही यह भारत का आर्थिक और वाणिज्यिक केंद्र भी है। भारतीय चलचित्र का जन्मस्थान कही जाने वाली मुंबई की रात की रौनक, खानपान और यहां की जीवनशैली भी आकर्षण का केंद्र है। वहीं, यहां के समुद्र किनारे की मौजमस्ती, गेटवे ऑफ इंडिया, ताज होटल चौपाटी और जुहू बीच, संजय गांधी नेशनल पार्क व सिद्धीविनायक मंदिर समेत कई अन्य स्थल आकर्षण का केंद्र हैं।
मुंबई के प्रमुख पर्यटन स्थल
-गेटवे ऑफ इंडिया
-सिद्धीविनायक मंदिर
-जुहू और चौपाटी बीच
-ताज होटल
-संजय गांधी नेशनल पार्क
-हाजी अली
-नेहरू प्लेनेटेरियम
-वीरमाता जीजाबाई भोसले चिड़ियाघर
-आरबीआई मॉनिटरी म्यूजियम
-छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय
टॉप आठ शहरों की रैंकिंग देखने के लिए यहां क्लिक करें
रैंकिंग 3ः हरिदासपुर
विदेशी पर्यटकः 133371
हरिदासपुर पश्चिम बंगाल में स्थित है और कोलकाता से करीब 200 किलोमीटर दूर है। इसके साथ ही यह बांग्लादेश सीमा के बहुत करीब है। एक अन्य रिपोर्ट से मुताबिक, यह भी पाया गया है कि बांग्लादेश से यहां बड़ी संख्या में आवागमन हुआ है। बस के माध्यम से कोलकाता से बांग्लादेश के ढाका जाते हुए यह प्रमुख रूप से रास्ते में आने वाली जगह है। कई मीडिया रिपोर्ट यह भी बताती है कि मेडिकल इलाज के लिए बांग्लादेश से भारत आना सस्ता पड़ता है, जबकि किसी अन्य देश में जाना महंगा है। यही वजह है कि इस जगह पर इतनी संख्या में लोगों का आना-जाना हुआ है।
हरिदासपुर के आसपास घूमने वाले क्षेत्र
-विकटोरिया मेमोरियल
-दक्षिनेश्वर कली मंदिर
-बिश्नुपुर
-दीघा
रैंकिंग 4ः चेन्नई
विदेशी पर्यटकः 120197
दक्षिण भारत में स्थित चेन्नई सांस्कृतिक, आर्थिक और शैक्षणिक कारकों की वजह से प्रमुख शहर है। इसका पुराना नाम मद्रास था, जिसे बाद में बदलकर चेन्नई कर दिया गया। इसके साथ ही यह तमिलनाडु राज्य की भी राजधानी है। भारत घूमने आने वाले विदेशियों को यह खूब पसंद किया जाता है। यह दक्षिण भारत के राजवंशों यानि पल्लव, चोल व पांड्य समेत अन्य राजाओं का केंद्र बिंदु रहा है। मयलापुर नगर, जो अब चेन्नई का हिस्सा है। वह पल्लवों के जमाने में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह हुआ करता था।
चेन्नई में पर्यटन के प्रमुख स्थानः
-मद्रास विश्वविद्यालय
-चेपॉक महल
-कपिलेश्वर
-पार्थसारथी मंदिर
-अजायबघर
-सेंट जॉर्ज किला
-मरीना बीच
रैंकिंग 5ः बंगलुरू
विदेशी पर्यटकः 102629
बंगलुरू कर्नाटक राज्य की राजधानी है। पूरे साल अपने सुहाने मौसम के लिए बंगलुरू को इसके मौसम के लिए भी जाना जाता है। साथ ही आईटी हब के रूप में मशहूर यह शहर भारत की सिलिकॉन वैली व आईटी राजधानी के रूप में भी प्रसिद्ध है। पहले यहां गंग वंश का राज हुआ करता था, हालांकि बाद में चोल वंश ने यहां राज किया। इसके बाद होयसल राजवंश का अधिकार रहा। बाद में शाहजी भोसले, हैदर अली व टीपू सुल्तान ने राज किया। आखिर में इसकी बागडोर अंग्रेजों के हाथों में चली गई और आजादी तक उन्होंने इस पर राज किया।
बंगलुरू में घूमने वाले प्रमुख पर्यटन स्थलः
-बसवनगुड़ी मंदिर
-शिव मंदिर
-इस्कॉन मंदिर
-टीपू पैलेस
-वैंकटप्पा चित्रशाला
-बंगलुरू महल
-विधान सौधा
-लाल बाग
-कब्बन पार्क
रैंकिंग 6ः हैदराबाद
विदेशी पर्यटकः 86249
हैदराबाद तेलंगाना राज्य की राजधानी है। यह नगर दक्कन के पठार मूसी नदी के किनारे स्थित है। हैदराबाद भारत के सबसे अधिक आबादी वाले शहरों में शामिल है। यह स्मार्ट शहर भी कहा जाता है। यही नहीं यहां का तेलुगु फिल्म उद्योग देश का दूसरा सबसे बड़ा फिल्म निर्माता उद्योग है। यह कहा जाता है कि इस खूबसूरत शहर को कुतुबशाही परंपरा के पांचवे शासक मुहम्मद कुली कुतुबशाह ने अपनी प्रेमिका भागमती को उपहार स्वरूप भेंट किया था। हैदराबाद को निजाम का शहर कहने के साथ मोतियों का भी शहर कहा जाता है।
हैदराबाद में पर्यटन के प्रमुख स्थलः
-चार मीनार
-फलकनुमा पैलेस
-गोलकुंडा किला
-सलारजंग संग्रहालय
-चिलकुर बालाजी
-कमल सरोवर
-लाड बाजार
रैंकिंग 7ः कोचीन
विदेशी पर्यटनः 60540
कोचीन केरल राज्य के एर्नाकुलम जिले में स्थित है। दक्षिण में स्थित इस शहर में भी बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी आते हैं। यह शुरुआत से ही मसालों का केंद्र रहा है और इसे अरब सागर की रानी के नाम से जाना जाता है। यहां कभी पुर्तगालियों का राज हुआ करता था। यहां के प्रमुख आकर्षण स्थलों में डच महल, बोलघाट्टी महल बेशन बंगला समेत अन्य प्रमुख पर्यटन स्थल हैं।
कोचीन के प्रमुख पर्यटन स्थलः
-डच महल
-हिल महल
-बोलघाट्टी महल
-बेशन बंगला
-मरीन ड्राइव
-चेराई बीच
-परीक्षित थंपुरान संग्रहालय
-कालाडी
रैंकिंग 8ः कोलकाता
विदेशी पर्यटकः 43506
कोलकाता पश्चिम बंगाल राज्य की राजधानी है। इसके साथ ही यह भारत के प्रमुख महानगरों में से एक है। कोलकाता हुगली नदी के पूर्वी किनारे पर बांग्लादेश की सीमा से 80 किलोमीटर दूर है। इस शहर का आधुनिक स्वरूप का विकास अंग्रेजों एवं फ्रांस के उपनिवेशवाद के इतिहास से जुड़ा हुआ है। कोलकाता को महलों के साथ-साथ आनंद का शहर भी कहा जाता है। साथ ही इसे पूर्वी भारत का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है।
कोलकाता के प्रमुख पर्यटन स्थलः
-फोर्ट विलियम
-विज्ञान नगरी
-कालीघाट
-हावड़ा पुल
-अजायबघर
-चिड़ियाघर
-तारामंडल
नीचे दिए गए टेबल में देखें भारत के शहर व विदेशियों का आगमन
स्थान | विदेशी आगमन | फीसदी हिस्सा |
दिल्ली | 606238 | 39.70 |
मुंबई | 212428 | 13.91 |
हरिदासपुर | 133371 | 8.73 |
चेन्नई | 120197 | 7.87 |
बंगलुरू | 102629 | 6.72 |
हैदराबाद | 86249 | 5.65 |
कोचीन | 60540 | 3.96 |
कोलकाता | 43506 | 2.85 |
टॉप 8 का कुल | 1365158 | 86.55 |
अन्य | 161956 | 13.45 |
कुल योग | 1527114 | 100.00 |