भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी संभालने वाली BCCI की मेंस सेलेक्शन कमेटी में बड़ा बदलाव हुआ है। प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का नया चेयरपर्सन बनाया गया है, जबकि पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमेश पोवार को भी पैनल में शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए सदस्य के नाम का ऐलान किया। वहीं, पूर्व चेयरमैन अजीत अगरकर के कार्यकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए बोर्ड ने उनके योगदान की सराहना भी की है।
प्रज्ञान ओझा संभालेंगे चयन समिति की कमान
BCCI के मुताबिक, मेंस सेलेक्शन कमेटी की अध्यक्षता प्रज्ञान ओझा करेंगे। समिति के सदस्यों में वरिष्ठता का निर्धारण टेस्ट मैचों में खेलने के अनुभव के आधार पर किया गया है। इसी आधार पर ओझा को पैनल की कमान सौंपी गई है।
नई चयन समिति के सामने भारतीय क्रिकेट के लिए मजबूत टीम चुनने और भविष्य की प्रतिभाओं को मौका देने की अहम जिम्मेदारी होगी। टीम इंडिया के आगामी मुकाबलों और बड़े टूर्नामेंटों को देखते हुए चयनकर्ताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है।
Related Stories
रमेश पोवार को भी मिली जगह
BCCI की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने मेंस सिलेक्शन कमेटी के एक सदस्य की नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया। इस समिति में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद CAC ने सर्वसम्मति से रमेश पोवार के नाम की सिफारिश की।
रमेश पोवार भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जुड़ाव के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई।
वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के अलावा मुंबई और गुजरात की टीमों के साथ भी कोचिंग की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम किया है।
महिला टीम को दिला चुके हैं बड़ी उपलब्धियां
रमेश पोवार का कोचिंग करियर भी काफी अहम रहा है। भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच रहते हुए उनके कार्यकाल में टीम ने एशिया कप का खिताब जीता। इसके अलावा भारतीय महिला टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल भी हासिल किया। अब चयन समिति में उनकी एंट्री से उनके अनुभव का उपयोग भारतीय पुरुष क्रिकेट के लिए खिलाड़ियों के चयन में किया जा सकेगा।
BCCI की नई पुरुष चयन समिति
BCCI की ओर से घोषित पुरुष चयन समिति में कुल पांच सदस्य शामिल हैं:
1. प्रज्ञान ओझा- चेयरपर्सन
2. शिव सुंदर दास- सदस्य
3. आरपी सिंह- सदस्य
4. अजय रात्रा- सदस्य
5. रमेश पोवार- सदस्य
अगरकर के कार्यकाल को BCCI ने सराहा
BCCI ने पूर्व चयन समिति अध्यक्ष अजीत अगरकर के योगदान की भी तारीफ की है। जुलाई 2023 में पद संभालने के बाद अगरकर ने भारतीय क्रिकेट के एक महत्वपूर्ण दौर में चयन समिति का नेतृत्व किया।
बोर्ड के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान टीम इंडिया ने तीन ICC ट्रॉफी और दो एशिया कप खिताब जीते। इसके अलावा भारत ने एशियन गेम्स में लगातार दो बार गोल्ड मेडल हासिल किया।
