चिन्मय सुतार ने खेली 400 रनों की मैराथन पारी, भारतीय क्रिकेट में हासिल किया यह बड़ा मुकाम

चिन्मय सुतार रणजी ट्रॉफ़ी के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। सुतार से पहले भारतीय घरेलू क्रिकेट में यह उपलब्धि बीबी निंबालकर ने हासिल की थी।   

Oct 19, 2026, 16:46 IST
मिजोरम के बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने रचा इतिहास, रणजी ट्रॉफी में जड़े नाबाद 400 रन
मिजोरम के बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने रचा इतिहास, रणजी ट्रॉफी में जड़े नाबाद 400 रन

क्रिकेट में कुछ पारियां ऐसी होती हैं, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाता है। मिजोरम के बल्लेबाज चिन्मय सुतार (Chinmay Sutar) ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। नागालैंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में उन्होंने नाबाद 400 रन बनाकर इतिहास रच दिया। अब वह रणजी ट्रॉफ़ी के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

इसके साथ ही वह भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक पारी में 400 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी इस शानदार पारी ने न सिर्फ मिजोरम क्रिकेट को नई पहचान दी, बल्कि उन्हें डोमेस्टिक क्रिकेट के चुनिंदा बल्लेबाजों के विशेष क्लब में भी शामिल कर दिया। 

नागालैंड के गेंदबाजों के सामने डटे रहे सुतार

सोविमा स्थित नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी प्लेट डिवीजन मुकाबले में चिन्मय सुतार ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने शुरुआत से ही संभलकर खेला और मौका मिलते ही बड़े शॉट लगाए।

सुतार ने अपनी नाबाद 400 रन की पारी में 46 चौके और 7 छक्के जड़े। उनकी बल्लेबाजी में धैर्य और आक्रामकता का शानदार मेल देखने को मिला। 

Related Stories

78 साल बाद दोहराया गया ऐतिहासिक कारनामा

चिन्मय सुतार से पहले भारतीय घरेलू क्रिकेट में यह उपलब्धि बीबी निंबालकर ने हासिल की थी। महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए निंबालकर ने 1948 में काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443 रन बनाए थे।

अब करीब 78 साल बाद सुतार ने 400 रन का आंकड़ा छूकर इस विशेष क्लब में अपनी जगह बना ली है। हालांकि, निंबालकर का 443 रन का रिकॉर्ड अभी भी कायम है।

मुंबई से मिजोरम तक का सफर

चिन्मय सुतार के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह पहले मुंबई के घरेलू क्रिकेट सेटअप का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में भी खेला है और बाद में मिजोरम की टीम से जुड़ गए।

अपने डेब्यू मैच में भी सुतार ने 99 रन बनाकर अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई थी, लेकिन रन आउट होने के कारण वह शतक से चूक गए थे। 

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दिग्गजों के साथ नाम

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों की बात करें तो ब्रायन लारा 501 नाबाद रन के साथ टॉप पर हैं। उन्होंने 1994 में वार्विकशायर की ओर से डरहम के खिलाफ यह कारनामा किया था। इस लिस्ट में हनिफ मोहम्मद के 499 रन, डॉन ब्रैडमैन के 452 नाबाद रन और बीबी निंबालकर के 443 नाबाद रन भी शामिल हैं।

चिन्मय सुतार की 400 रन की पारी अब इसी ऐतिहासिक लिस्ट का हिस्सा बन गई है। अब देखना होगा कि सुतार आने वाले मुकाबलों में अपने इस शानदार प्रदर्शन को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Just Now

Result Updates