IAS Success Story: मां होने के साथ संभाली घर की जिम्मेदारी, तैयारी कर IAS बनी पुष्पलता
IAS Success Story: पुष्पलता ने शादी होने के बाद सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी। वह जब दो साल के बेटे की मां थी, तब वह सिविल सेवा के लिए पढ़ रही थी। इस दौरान उन्होंने प्रयास किया और IAS अधिकारी बन गई। किस तरह रहा उनका IAS बनने का सफर, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
IAS Success Story: संघ लोक सेवा आयोग(UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के लिए हर साल लाखों युवा तैयारी करते हैं। वहीं, भारत में खासतौर पर लड़कियों की शादी होने के बाद उन्हें घर की जिम्मेदारी सौंप दी जाती है। ऐसे में घर की जिम्मेदारियों के साथ लड़कियों के लिए सिविल सेवा को क्रैक करना और भी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, कुछ लड़कियां शादी होने के बाद भी अपने सपनों से समझौता नहीं करती और लक्ष्य को पाने के लिए दिन-रात मेहनत करने के लिए तैयार रहती हैं। आज हम आपको पुष्पलता की कहानी बताने जा रहे हैं, जिन्होंने सिविल सेवा की तैयारी तब शुरू की, जब उनकी शादी हो गई थी और वह दो साल के बेटे की मां थी। इस दौरान उन्हें अपने ससुराल का साथ मिला और वह इस कठिन परीक्षा को पास कर आईएएस अधिकारी बनने में सफल रही।
पुष्पलता का परिचय
पुष्पलता मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी के खुशबुरा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने नजदीकी स्कूल से ही अपनी पढ़ाई पूरी की। वहीं, अपने चाचा के यहां रहकर उन्होंने आगे की पढ़ाई को पूरा किया। बैचलर ऑफ साइंस में स्नातक करने के बाद उन्होंने एमबीए की पढ़ाई पूरी की।
दो साल निजी क्षेत्र में किया काम
पुष्पलता ने अपनी पढ़ाई पूरी होने के बाद करीब दो वर्षों तक निजी क्षेत्र में भी काम किया। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद के साथ भी काम किया, लेकिन उनका इसमें मन नहीं लगा। निजी क्षेत्र में काम करते हुए उन्हें महसूस हुआ कि वह अपनी पूरी क्षमताओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रही हैं, जिससे उनका समय बर्बाद हो रहा है। ऐसे में उन्होंने कुछ बड़ा करने का फैसला किया।

2011 में हो गई शादी
नौकरी के बाद पुष्पलता की साल 2011 में शादी हो गई, जिसके बाद वह मानेसर चली गई। वह जब दो वर्ष के बेटे की मां थी, तब उन्होंने सिविल सेवा के बारे में जाना और इसकी तैयारी शुरू कर दी।
इस तरह की तैयारी
पुष्पलता घर और मां होने की जिम्मेदारी को संभालते हुए अपनी तैयारी पर भी ध्यान देती थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें वह समय भी याद है, जब उनका बेटा पढ़ने के लिए जाता था और उस समय में वह पढ़ाई किया करती थी। वहीं, कभी-कभी उनका बेटा उनकी गोद में सोया हुआ रहता था और वह अपनी तैयारी को धार देने के लिए किताबें पढ़ रही होती थी। पुष्पलता ने इस तरह अपनी तैयारी की।
80वीं रैंक के साथ बनी IAS
पुष्पलता ने अपनी तैयारी को धार देते हुए साल 2017 में सिविल सेवा परीक्षा दी। इस साल उन्होंने प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू को पास करते हुए 80वीं रैंक के साथ सिविल सेवा परीक्षा पास की।
ससुराल ने किया सपोर्ट
पुष्पलता के मुताबिक, तैयारी के दौरान उनके ससुराल ने उनका बहुत सपोर्ट किया। उनके पति हमेशा से उन्हें तैयारी के लिए मोटिवेट किया करते थे, जिससे उन्हें पढ़ने की प्रेरणा मिलती थी। वहीं, परिवार में बाकी सदस्यों का भी साथ मिला।
पढ़ेंः IAS Success Story: कोचिंग के बजाय घर में रहकर की तैयारी और पहले प्रयास में IAS बनी वंदना सिंह चौहान
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.