IAS Success Story: सेल्फ स्टडी को बनाया आधार और पहले प्रयास में ही 27वीं रैंक के साथ IAS बने सक्षम गोयल
IAS Success Story: सक्षम गोयल ने कोचिंग के बजाय घर रहकर ही सेल्फ स्टडी की और अपने पहले प्रयास में ही उन्होंने सिविल सेवा को 27वीं रैंक के साथ पास कर लिया। इस लेख के माध्यम से हम सक्षम गोयल के UPSC के सफर के बारे में जानेंगे।
IAS Success Story: संघ लोक सेवा आयोग(UPSC) सिविल सेवा परीक्षा के लिए हर साल देशभर के लाखों युवा प्रयास करते हैं। तीन चरणों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा को पास करने के बाद दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को संभालने की जिम्मेदारी दी जाती है। हालांकि, जितनी बड़ी जिम्मेदारी, उतनी बड़ी परीक्षा। यही वजह है कि इस परीक्षा को पास करना आसान नहीं होता है। युवाओं में इस परीक्षा के लिए इतना क्रेज है कि वे अपने घरों से दूर रहकर महंगी कोचिंग में दाखिले लेकर दिन-रात तैयारी करते हैं। हालांकि, इसके बाद भी इसमें सफलता सुनिश्चित नहीं होती है। इस वजह से कई युवाओं को इस परीक्षा को पास करने में कई साल लग जाते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से सक्षम गोयल की कहानी बताने जा रहे हैं, जिन्होंने घर में ही रहकर सेल्फ स्टडी पर जोर दिया और अपने पहले प्रयास में ही सिविल सेवा को 27वीं रैंक के साथ पास कर IAS अधिकारी बन गए।
सक्षम का परिचय
सक्षम मूलरूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी 10वीं की पढ़ाई आगरा से ही की। इसके बाद वह दिल्ली आ गए। दिल्ली के वसंत कुंज से उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल से अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी की। स्कूली पढ़ाई होने के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने स्नातक में राजनीति शास्त्र और अर्थव्यवस्था जैसे विषयों का अध्ययन किया। जब वह स्नातक कर रहे थे, तब उन्हें हावर्ड विश्वविद्यालय में इंटर्नशिप करने का भी मौका मिला था, जो कि तीन माह की थी।
छह से सात घंटे करते थे पढ़ाई
सक्षम गोयल ने साल 2020 में अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली थी। हालांकि, सिविल सेवा में शामिल होने के लिए उन्होंने एक साल का इंतजार किया। इस दौरान वह दिन में नियमित रूप से छह से सात घंटे पढ़ाई को दिया करते थे। इसके साथ ही वह foosball(Table Football) भी खेला करते थे, जो कि उन्हें काफी पसंद है। एक मीडिया को दिए साक्षात्कार में सक्षम ने बताया कि सिविल सेवा में उनका पहला प्रयास था, जिसमें उनका इंटरव्यू करीब 35 मिनट तक चला था। हालांकि, इस दौरान वह नर्वस नहीं हुए।
पहले प्रयास में पाई 27वीं रैंक
सिविल सेवा का परिणाम जब घोषित किया गया, तो सक्षम ने परीक्षा में 27वीं रैंक प्राप्त की थी, जिसके बाद वह अपने पिताजी के पास गए और कहा कि नौकरी लग गई है। सक्षम के पिता ने साल 1991 में पावर डिपार्टेमेंट से वालंटरी रिटायरमेंट ले लिया था, जिसके बाद उन्होंने अपना खुद का इलेक्ट्रिकल का बिजनेस शुरू किया था। वहीं, सक्षम की माता ने केमिस्ट्री में पीएचडी किया है और वह गृहणी हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.
