UPTET Result 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपीटीईटी परीक्षा का संशोधित रिजल्ट जारी करने को लेकर अहम निर्देश दिया है। कोर्ट ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) को 30 दिनों के भीतर दोबारा मूल्यांकन कर रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया है। यह बदलाव मास्टर सेट के दो विवादित प्रश्नों के मूल्यांकन से बाहर करने के बाद किया जाएगा। इस फैसले से उन अभ्यर्थियों फायदा होगा, जो पहले जारी किए गए परिणाम में एक या दो अंकों से परीक्षा पास करने से चूक गए थे।
हाईकोर्ट ने 30 दिन में रिजल्ट जारी करने का दिया आदेश
17 नवंबर 2026 को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने UPTET 2026 के संशोधित रिजल्ट को लेकर बड़ा आदेश दिया है। आयोग को 30 दिनों के भीतर नए सिरे से मूल्यांकन करके परिणाम जारी करना होगा।दरअसल, इससे पहले 28 अक्टूबर 2026 को न्यायमूर्ति विनोद दिवाकर की एकल पीठ ने मास्टर सेट के प्रश्न संख्या 36 और 37 को मूल्यांकन से हटाने का आदेश दिया था। अब इन्हीं निर्देशों के आधार पर दोबारा नए तरीके से रिजल्ट तैयार किया जाना है।
Related Stories
अब 150 नहीं, 148 प्रश्नों के आधार पर होगी गणना
UPTET परीक्षा में कुल 150 प्रश्न थे। लेकिन दो विवादित प्रश्नों को हटाने के बाद अब अभ्यर्थियों के नंबर 148 प्रश्नों के आधार पर तय किए जाएंगे। विवाद इन दोनों सवालों के उत्तरों को लेकर था। आयोग ने अंतिम उत्तरकुंजी में दोनों प्रश्नों के दो-दो विकल्प सही माने थे, लेकिन मूल्यांकन में केवल निर्धारित विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों को ही अंक दिए गए थे। इस फैसले के खिलाफ विजय सोनकर और तीन अन्य अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
किन अभ्यर्थियों को मिलेगा संशोधित रिजल्ट का लाभ
हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक, दोबारा मूल्यांकन का फायदा सिर्फ उन अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगा, जिन्होंने कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। बल्कि परीक्षा में समान रूप से प्रभावित सभी अभ्यर्थियों के परिणाम संशोधित किए जाएंगे। यानी आयोग को सभी संबंधित अभ्यर्थियों के स्कोरकार्ड नए मूल्यांकन के आधार पर तैयार करने होंगे।
कटऑफ और स्कोरकार्ड में क्या होगा बदलाव?
148 प्रश्नों के आधार पर दोबारा मूल्यांकन होने से पात्रता के लिए जरूरी अंकों की गणना भी नए सिरे से होगी। ऐसे में पहले जारी रिजल्ट में कम अंकों से पीछे रह गए अभ्यर्थियों की पात्रता बदल सकती है। हालांकि, किस अभ्यर्थी के कितने अंक बढ़ेंगे या घटेंगे, यह संशोधित मूल्यांकन के बाद ही स्पष्ट होगा।
आयोग कोर्ट के आदेश को दे सकता है चुनौती
इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग एकल पीठ के आदेश को चुनौती देने की तैयारी में है। आयोग का मानना है कि एक से अधिक सही विकल्प वाले प्रश्नों के मूल्यांकन को लेकर पहले भी हाईकोर्ट के अलग-अलग फैसले आ चुके हैं। इसी आधार पर आयोग ने डबल बेंच में अपील की तैयारी की थी। ऐसे में इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर भी अभ्यर्थियों की नजर रहेगी।
अभ्यर्थी कहां चेक कर सकेंगे नया रिजल्ट?
संशोधित रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर अपना नया स्कोरकार्ड देख सकेंगे।
