बीते कुछ दिनों से सोना-चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। यह सोना-चांदी खरीददारों के लिए तो अच्छी खबर है, लेकिन सर्राफा बाजार के लिए आर्थिक रूप से इसमें अधिक फायदा नहीं है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आखिर कहां से भारत में सोना और चांदी का भाव तय होता है। क्या है इसकी पूरी प्रक्रिया, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
भारत में कैसे तय होता है सोना-चांदी का भाव
भारत में सोने और चांदी के भाव किसी एक सरकारी संस्था या व्यक्ति द्वारा तय नहीं किए जाते, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों, मुद्रा विनिमय दर, आयात शुल्क और घरेलू बुलियन एसोसिएशन मिलकरतय करते हैं।
Related Stories
किसकी है अहम भूमिका
देश में प्रतिदिन सोने-चांदी के मानक भाव जारी करने में इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) की सबसे प्रमुख भूमिका होती है।
-मुंबई स्थित IBJA देश का सबसे प्रमुख सर्राफा संघ है। यह दिन में दो बार दोपहर और शाम के समय देश के बड़े ज्वैलर्स और डीलरों से खरीद-बिक्री के भाव लेकर राष्ट्रीय मानक दरें जारी करता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भी सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) की कीमत तय करने के लिए IBJA की दरों का ही उपयोग करता है।
-MCX भारत का सबसे बड़ा कमोडिटी एक्सचेंज है, जहां सोने और चांदी के फ्यूचर्स कांट्रैक्ट का ऑनलाइन व्यापार होता है। मांग और आपूर्ति के आधार पर यहां हर सेकंड कीमतों में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जाता है।
-IBJA द्वारा जारी मूल दरों के बाद दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और लखनऊ जैसे शहरों के स्थानीय सर्राफा संघ परिवहन खर्च, स्थानीय मांग और टैक्स जोड़कर अपने-अपने शहर के खुदरा भाव जारी करते हैं।
ये 4 कारक कीमत को करते हैं प्रभावित
-अंतरराष्ट्रीय बाजारः भारत अपनी जरूरत का अधिकांश सोना आयात करता है। इसलिए, लंदन बुलियन मार्केट (LBMA) और अमेरिकी कमोडिटी बाजार (COMEX) में प्रति औंस डॉलर की कीमत का सीधा असर भारत के भाव पर पड़ता है।
-रुपये और डॉलर की विनिमय दर: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना अमेरिकी डॉलर में खरीदा जाता है। यदि डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया कमजोर होता है, तो सोना आयात करना महंगा हो जाता है और घरेलू बाजार में इसके दाम बढ़ जाते हैं।
-आयात शुल्क और जीएसटी: केंद्र सरकार द्वारा लगाया जाने वाला सीमा शुल्क और 3% जीएसटी अंतिम कीमत में जुड़ता है। बजट में टैक्स घटने या बढ़ने पर कीमतों में तुरंत बदलाव आता है।
-घरेलू मांग और ग्लोबल स्थिति: भारत में शादी के सीजन, धनतेरस-दीपावली और अक्षय तृतीया पर मांग बढ़ने से भाव चढ़ते हैं। इसके अलावा, वैश्विक युद्ध, महंगाई और केंद्रीय बैंकों की खरीद से भी कीमतें प्रभावित होती हैं।
