Punjab PCS 2026: गड़बड़ी के आरोपों के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) द्वारा आयोजित पंजाब पीसीएस (PCS) परीक्षा की चयन प्रक्रिया पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। अप्रैल 2026 में हुई इस परीक्षा का परिणाम 4 नवंबर को घोषित हुआ था। पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की PCS कार्यकारी शाखा और संबद्ध सेवाओं की मुख्य परीक्षा के नतीजों को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि 4 नवंबर 2026 को घोषित नतीजों में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। प्रीति शर्मा और अन्य अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा के परिणामों को चुनौती देते हुए याचिकाएं दाखिल की हैं। उन्होंने चयन प्रक्रिया में मिलीभगत और नियमों को मनमाने तरीके से लागू करने का भी आरोप लगाया है।
पंजाब लोक सेवा आयोग की ओर से कुल 331 रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही थी। इसके तहत अप्रैल 2026 में परीक्षा आयोजित की गई थी और 4 नवंबर को इसका रिजल्ट भी जारी कर दिया गया था। मुख्य परीक्षा के नतीजों के आधार पर कुल 751 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी इंटरव्यू (साक्षात्कार) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।
क्या है विवाद
विज्ञापन में परीक्षा के लिए पंजाबी भाषा की परीक्षा दसवीं स्तर पर पास होना अनिवार्य योग्यता निर्धारित की गई थी। विवाद यहीं से शुरू हुआ। आरोप है कि इस अनिवार्य शर्त को बाद में हटा दिया गया और ऐसे अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई, जिन्होंने दसवीं कक्षा में पंजाबी विषय पास नहीं किया था।
दूसरा भी आरोप है
याचिका में एक और आरोप लगाया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि निर्धारित नियमों के अनुसार एक उम्मीदवार को केवल एक श्रेणी में आवेदन करने की अनुमति थी, लेकिन इस शर्त को भी कथित तौर पर हटा दिया गया।
