Chhath Special Trains: छठ महापर्व पर घर जाने के लिए ट्रेन का टिकट तलाश रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहार के चलते दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है। कई ट्रेनों में Waiting List लंबी हो गई है, तो कुछ में कन्फर्म टिकट मिलना भी मुश्किल हो रहा है। यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ा दिया है। उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इससे बिहार समेत पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों का कहना है कि स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
बिहार जाने वाली ट्रेनों में बढ़ी जबरदस्त भीड़
छठ पूजा के नजदीक आते ही बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग तेजी से बढ़ गई है। कई ट्रेनों में Waiting List 150 के पार पहुंच चुकी है। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और तेजस राजधानी जैसी प्रमुख ट्रेनों में भी कुछ तारीखों पर नई बुकिंग के लिए सीटें उपलब्ध नहीं हैं।
Related Stories
मुजफ्फरपुर और आनंद विहार के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
बिहार और दिल्ली के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने मुजफ्फरपुर और आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
ट्रेन नंबर 05281 मुजफ्फरपुर से 18 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। रास्ते में इसका ठहराव गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर और मुरादाबाद में होगा।
वापसी में ट्रेन नंबर 05282 आनंद विहार से 19 नवंबर को सुबह 7 बजे चलेगी और 21 नवंबर को सुबह 4:50 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
बिहार के लिए 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का इंतजाम
रेलवे ने बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) के अनुसार, 3 नवंबर तक 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा चुकी थी। इनमें बिहार को दिल्ली, पंजाब, हावड़ा, मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
इसके अलावा दिल्ली और पटना के बीच सप्ताह में तीन दिन स्पेशल वंदे भारत ट्रेन भी नवंबर के अंत तक चलाई जा रही है।
स्टेशनों पर सुरक्षा के लिए 2,040 जवान तैनात
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इस साल त्योहारों के दौरान करीब 18,000 ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 12,000 थी। वहीं, यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर RPF के 2,040 जवान तैनात किए गए हैं।
इनमें नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली स्टेशन शामिल हैं। रेलवे की कोशिश है कि छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों का सफर सुरक्षित और सुविधाजनक रहे।
