COP31: इस देश में जुटे दुनिया भर के नेता, 1 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद, COP32 का मेजबान कौन? जानें सब

संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन यानी COP31 का आयोजन तुर्किये के अंताल्या शहर में हो रहा है। 9 से 20 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस सम्मेलन में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

Nov 12, 2026, 11:50 IST
COP31 से अंताल्या को कितना होगा फायदा?
COP31 से अंताल्या को कितना होगा फायदा?

जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। कहीं बेमौसम बारिश और बाढ़ लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं तो कहीं भीषण गर्मी, सूखा और जंगलों में आग का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इन समस्याओं से निपटने और भविष्य की रणनीति तैयार करने के लिए दुनिया के देश एक बार फिर एक मंच पर आए हैं।

संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन यानी COP31 का आयोजन तुर्किये के अंताल्या शहर में हो रहा है। 9 से 20 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस सम्मेलन में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें दुनिया के राष्ट्राध्यक्षों, मंत्रियों, वैज्ञानिकों, उद्योगपतियों और पर्यावरण से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

कहां हो रहा है COP31 का आयोजन?

COP31 की मेजबानी तुर्किये (Turkiye) कर रहा है। सम्मेलन का आयोजन अंताल्या स्थित Antalya Expo Center में किया जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब 12 किलोमीटर दूर है।

COP31 के अध्यक्ष और तुर्किये के पर्यावरण, शहरीकरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मुरात कुरुम के अनुसार, सम्मेलन में करीब 100 देशों के शीर्ष नेता और 300 से अधिक मंत्री शामिल हो रहे है। 12 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में जलवायु परिवर्तन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इनमें ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन कम करना, जलवायु वित्त और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय शामिल हैं।

Related Stories

COP31 की अध्यक्षता किसके पास है?

इस बार सम्मेलन की मुख्य मेजबानी और अध्यक्षता तुर्किये के पास है। इसकी अगुवाई मुरात कुरुम कर रहे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया को जलवायु वार्ताओं की अध्यक्षता (President of Negotiations) की जिम्मेदारी दी गई है।

दोनों देशों के बीच बनी इस संयुक्त व्यवस्था के तहत अलग-अलग देशों के बीच जलवायु संबंधी मुद्दों पर सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

COP31 से अंताल्या को कितना होगा फायदा?

इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन से अंताल्या की अर्थव्यवस्था को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। तुर्किये के अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक, सम्मेलन से करीब 2 अरब डॉलर की प्रत्यक्ष आर्थिक गतिविधियां पैदा हो सकती हैं। बड़ी संख्या में विदेशी मेहमानों के आने से स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

दिव्यांगों के लिए क्या हैं खास इंतजाम?

आयोजकों ने सम्मेलन में दिव्यांग प्रतिभागियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा है। इसके लिए व्हीलचेयर रैंप वाली बसें, सुलभ पार्किंग और विशेष आवास की व्यवस्था प्रस्तावित है। 

COP32 की मेजबानी किस देश को मिली है?

COP31 के बाद अगला जलवायु सम्मेलन यानी COP32 नवंबर 2027 में आयोजित होगा। इसकी मेजबानी अफ्रीकी देश इथियोपिया करेगा। सम्मेलन इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही वैश्विक जलवायु नीति पर चर्चा का अगला बड़ा मंच अफ्रीका में सजेगा।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.