टाटा ग्रुप से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। नोएल टाटा (Noel Tata) अब टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन के रूप में नजर नहीं आएंगे। उन्होंने बुधवार, 11 नवंबर 2026 को कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायरमेंट ले लिया। उनकी जगह अब बहराम वकील (Bahram Vakil) कंपनी की कमान संभालेंगे। उन्होंने 12 नवंबर से नए चेयरमैन के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। नोएल टाटा का यह फैसला इसलिए भी अहम है, क्योंकि वह पिछले 22 साल से अधिक समय से कंपनी के बोर्ड का हिस्सा थे। वहीं, चेयरमैन के तौर पर उन्होंने 16 साल से ज्यादा समय तक जिम्मेदारी संभाली।
2004 में बोर्ड से जुड़े थे नोएल टाटा
टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन की ओर से जारी रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, नोएल टाटा 9 जून 2004 को कंपनी के बोर्ड में शामिल हुए थे। इसके बाद 24 जून 2010 को उन्हें चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई। तब से वह लगातार इस पद पर बने हुए थे।
कंपनी ने बताया कि उनका रिटायरमेंट 11 नवंबर को कारोबारी समय समाप्त होने के साथ प्रभावी हो गया। यह बदलाव Tata Group Governance Guidelines के तहत किया गया है। इन दिशा-निर्देशों में कंपनी के बोर्ड की संरचना, कमेटियों और डायरेक्टर्स की रिटायरमेंट से जुड़े नियम निर्धारित किए गए हैं।
Related Stories
रिटायरमेंट के बाद भी कंपनी से जुड़ा रहेगा नाता
नोएल टाटा के रिटायरमेंट के साथ कंपनी ने उन्हें एक खास सम्मान भी दिया है। बोर्ड ने 12 नवंबर से उन्हें Chairman Emeritus नियुक्त किया है। यानी अब वह चेयरमैन की नियमित जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे, लेकिन कंपनी में उनके योगदान को इस विशेष पद के जरिए सम्मानित किया जाएगा।
कंपनी ने अपनी फाइलिंग में कहा कि नोएल टाटा के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने लगातार ग्रोथ दर्ज की और शेयरधारकों के लिए वैल्यू तैयार करने में सफलता हासिल की। बोर्ड ने उनके नेतृत्व और रणनीतिक फैसलों की भी सराहना की।
बहराम के साथ दीवानजी को भी मिली जिम्मेदारी
नोएल टाटा के बाद बहराम वकील 12 नवंबर से Tata Investment Corporation के नए चेयरमैन होंगे। बोर्ड की बैठक में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी गई।
इसके अलावा कंपनी ने अबाइजर शब्बीर दीवानजी को पांच साल के लिए अतिरिक्त गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल 12 नवंबर 2026 से 11 नवंबर 2031 तक रहेगा। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।
दीवानजी, नियोस्ट्रेट एडवाइजर्स एलएलपी के संस्थापक हैं। इससे पहले वह KPMG और EY जैसी बड़ी कंपनियों में फाइनेंशियल सर्विसेज प्रैक्टिस का नेतृत्व कर चुके हैं। उन्हें इस क्षेत्र में करीब दो दशक का अनुभव है।
कंपनी के बोर्ड ने बुधवार को हुई बैठक में इन सभी नियुक्तियों और संबंधित फैसलों पर मुहर लगाई।
