रजत पाटीदार ने 48 गेंद में ठोके नाबाद 135 रन, जड़े 13 छक्के, इस ट्रॉफी में रचा इतिहास

मध्य प्रदेश की कप्तानी कर रहे रजत पाटीदार ने असम के खिलाफ महज 48 गेंदों में नाबाद 135 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने घरेलू T20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में यह बड़ा कारनामा किया।

Nov 16, 2026, 16:02 IST
5वें या उससे निचले क्रम पर सबसे बड़ी T20 पारी
5वें या उससे निचले क्रम पर सबसे बड़ी T20 पारी

Rajat Patidar: आईपीएल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले रजत पाटीदार का बल्ला एक बार फिर जमकर बोला है। इस बार उन्होंने घरेलू T20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ऐसा धमाका किया कि कई बड़े रिकॉर्ड उनके नाम हो गए। मध्य प्रदेश की कप्तानी कर रहे पाटीदार ने असम के खिलाफ महज 48 गेंदों में नाबाद 135 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी के सामने असम के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। पाटीदार ने अपनी इस पारी में 13 छक्के और 8 चौके लगाए। खास बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया।

5वें नंबर पर उतरकर मचाया धमाल

मध्य प्रदेश की ओर से पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रजत पाटीदार ने क्रीज पर पहुंचते ही अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलने का सिलसिला शुरू कर दिया। असम के गेंदबाजों ने उन्हें रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन पाटीदार के आक्रामक अंदाज के सामने उनकी एक नहीं चली।

पाटीदार ने महज 41 गेंदों में शतक जड़ दिया। इसके बाद भी उन्होंने अपनी रफ्तार कम नहीं की और 48 गेंदों में 135 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में 8 चौके और 13 छक्के शामिल रहे। यानी उन्होंने 21 गेंदों को सीधे बाउंड्री के पार पहुंचाया। यह पारी उनके शानदार टी20 बल्लेबाजी कौशल का एक और उदाहरण बन गई।

Related Stories

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का पहला शतक

रजत पाटीदार की यह पारी कई मायनों में ऐतिहासिक रही। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में मध्य प्रदेश की तरफ से शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले इस टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश का कोई भी बल्लेबाज यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सका था।

इसके अलावा, पाटीदार ने एक पारी में 13 छक्के लगाकर मध्य प्रदेश के लिए नया रिकॉर्ड भी बनाया। अब वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की एक पारी में राज्य की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

5वें या उससे निचले क्रम पर सबसे बड़ी T20 पारी

पाटीदार ने अपनी 135 रन की नाबाद पारी के साथ T20 क्रिकेट में पांचवें या उससे निचले नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि ने एक बार फिर दिखाया कि वह मध्यक्रम में कितने खतरनाक बल्लेबाज साबित हो सकते हैं।

चोट के बाद शानदार वापसी

रजत पाटीदार इस टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश की 15 सदस्यीय टीम की अगुआई कर रहे हैं। एड़ी की चोट के चलते उन्होंने ACC राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के लिए इंडिया A टीम से अपना नाम वापस ले लिया था। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने केरल के खिलाफ नाबाद 36 रन बनाकर अभियान की शुरुआत की थी। अब असम के खिलाफ शतक जड़कर उन्होंने अपनी फॉर्म का शानदार नमूना पेश किया है। 

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.