उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक अधिकारियों के इस्तीफे ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। IAS दिव्या मित्तल के सरकारी सेवा छोड़कर राजनीति में उतरने के एलान के बाद अब एक और महिला अधिकारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यूपी सरकार में डिप्टी कमिश्नर (GST) के पद पर तैनात PCS अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने भी सरकारी नौकरी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी। उनके इस्तीफे के बाद उनके चुनाव लड़ने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर क्या कहा?
अनुपमा सरोज सिंह ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि भविष्य में वह नए संकल्प के साथ एक नया सफर शुरू करेंगी। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि सरकारी सेवा छोड़ने के बाद उनकी आगे की योजना क्या है। न ही उन्होंने राजनीति में आने या विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक बयान दिया है।
अनुपमा पेशे से सिंगर भी हैं। वह समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं। उनकी मां सुशीला सरोज मोहनलालगंज से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। ऐसे में उनके इस्तीफे को राजनीतिक नजरिये से भी देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुपमा आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा सकती हैं।
Related Stories
पिता रह चुके है आईपीएस अधिकारी
अनुपमा सरोज की मां सुशीला सरोज भी राजनीति में सक्रिय रही हैं। उन्होंने साल 2004 में मोहनलालगंज लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी और तत्कालीन मुलायम सिंह यादव सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली थी। वहीं, उनके पिता राम प्रकाश (RP) सरोज 1964 बैच के आईपीएस अधिकारी थे।
दो महीने पहले IAS दिव्या मित्तल ने छोड़ी थी नौकरी
अनुपमा से पहले यूपी कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल भी प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे चुकी हैं। करीब दो महीने पहले उन्होंने फेसबुक और X पर पोस्ट साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी थी।
दिव्या मित्तल ने लिखा था कि उन्होंने अपनी इच्छा से 13 वर्षों की अविस्मरणीय प्रशासनिक यात्रा को विराम देते हुए IAS से त्यागपत्र दे दिया है। मिर्जापुर की जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने कई ऐसे काम किए थे, जिनकी खूब सराहना हुई। इनमें लहुरियादह गांव में आजादी के 75 साल बाद पेयजल की सुविधा पहुंचाना प्रमुख था।
इस्तीफे के बाद बनाई राजनीतिक पार्टी
IAS की नौकरी छोड़ने के करीब दो महीने बाद दिव्या मित्तल ने राजनीति में उतरने का एलान किया। उन्होंने ‘जननीति भारत पार्टी’ के गठन की घोषणा करते हुए बताया कि उनकी पार्टी 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी।
अब अनुपमा सरोज सिंह के इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है।
