PF Se Paisa Nikalane Ka Naya Tarika: नौकरी करने वाले लोगों के लिए PF का पैसा किसी बड़ी जरूरत के समय काफी काम आता है। लेकिन जब इसे निकालने की बात आती है, तो कई बार क्लेम प्रक्रिया और उसके पूरा होने का इंतजार परेशानी बढ़ा देता है। अब इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सदस्यों के लिए ऐसी सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है.
नई सुविधा के तहत PF का पैसा UPI के जरिए निकाला जा सकेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सुविधा दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू हो सकती है।
BHIM ऐप से निकाल सकेंगे PF का पैसा?
नई सुविधा शुरू होने के बाद EPFO सदस्य अपने UAN (Universal Account Number) को UPI अकाउंट से लिंक कर सकेंगे। इसके बाद BHIM ऐप के जरिए PF खाते का बैलेंस देखने और पैसा निकालने का विकल्प मिल सकता है।
इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि कर्मचारियों को PF निकासी के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके लिए जरूरी टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और परीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी समस्याओं को भी दूर कर लिया गया है।
Related Stories
PF खाते से कितनी राशि निकाल पाएंगे?
UPI के जरिए PF निकालने पर कितनी राशि मिलेगी, इसे लेकर भी चर्चा हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआत में सदस्य अपने पात्र PF बैलेंस का 75% तक निकाल सकेंगे। हालांकि, इस सीमा को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
वहीं, 19 नवंबर को हुई EPFO बोर्ड की बैठक में खाते में जरूरी न्यूनतम बैलेंस को 25% से घटाकर 10% करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। अगर यह बदलाव लागू होता है, तो निकासी की सीमा 90% तक हो सकती है।
EPFO 3.0 का हिस्सा है नई सुविधा
UPI से PF निकासी की सुविधा EPFO 3.0 के तहत शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य PF सेवाओं को आसान बनाना, कागजी काम कम करना और क्लेम का जल्दी निपटारा करना है।
