झारखंड में फिर आंदोलन की तैयारी में छात्र! हजारीबाग में जुटे हजारों अभ्यर्थी, JPSC-JSSC को लेकर रखीं ये मांगें

Jharkhand Students Protest: झारखंड लोक सेवा आयोग और JSSC की  परीक्षाओं में सुधार और लंबित नियुक्तियों को लेकर झारखंड में छात्र आंदोलन एक बार फिर से जोर पकड़ सकता है। छात्रों की क्या मांगे है चलिए देखते है।

Nov 23, 2026, 14:06 IST
सरकार के आश्वासन से नाराज हैं छात्र
सरकार के आश्वासन से नाराज हैं छात्र

झारखंड में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं का धैर्य अब जवाब देता नजर आ रहा है। JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में सुधार और लंबे समय से अटकी नियुक्तियों को लेकर छात्र एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में हैं। रविवार को हजारीबाग के गांधी मैदान में आयोजित छात्र महापंचायत में हजारों की संख्या में प्रतियोगी अभ्यर्थी पहुंचे। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के बैनर तले हुई इस बैठक में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के अलग-अलग जिलों से आए छात्रों ने अपनी बातें रखीं और सरकार से जल्द समाधान की मांग की। 

सरकार के आश्वासन से नाराज हैं छात्र

महापंचायत में शामिल अभ्यर्थियों का कहना था कि इससे पहले रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हुए आंदोलन के दौरान सरकार ने कई वादे किए थे। छात्रों को उम्मीद थी कि इसके बाद भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा व्यवस्था में सुधार होगा, लेकिन अब तक उन्हें जमीन पर कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आया है। इसी वजह से युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है।

Related Stories

लंबित भर्तियां पूरी करने की मांग

छात्रों ने राज्य में लंबे समय से अटकी नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। इनमें दारोगा (SI), जिला पुलिस, BEO, सहायक आचार्य, TGT-PGT, LDC और टेक्निकल पदों पर होने वाली भर्तियां शामिल हैं। इसके अलावा खाली पदों पर नए विज्ञापन जारी करने और नियुक्तियों के लिए समयबद्ध कैलेंडर घोषित करने की मांग भी की गई।

स्थानीय युवाओं के लिए नियोजन नीति लागू हो

छात्रों ने मांग की कि राज्य में ऐसी स्पष्ट नियोजन नीति लागू की जाए, जिससे स्थानीय अभ्यर्थियों को नियुक्तियों में अधिकतम अवसर मिल सकें। उनका कहना है कि युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार पाने के लिए स्पष्ट और पारदर्शी व्यवस्था मिलनी चाहिए।

परीक्षा में पारदर्शिता और पेपर लीक की CBI जांच

अभ्यर्थियों की मांग है कि भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित हों और देरी के कारण जिन उम्मीदवारों की आयु सीमा प्रभावित हुई है, उन्हें उचित छूट मिले। इसके साथ ही JSSC-CGL, JPSC और अन्य परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के आरोपों की निष्पक्ष CBI जांच कराने की मांग भी उठाई गई।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अंत में अभ्यर्थियों ने सरकार और आयोग को स्पष्ट संदेश दिया कि परीक्षा सुधार, लंबित नियुक्तियों और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर अब जल्द निर्णय लेना होगा। यदि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्र दोबारा सड़कों पर उतरकर अपना आंदोलन तेज कर सकते हैं।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर सरकारी नौकरी, रिजल्ट, स्कूल, सीबीएसई और अन्य राज्य परीक्षा बोर्ड के सभी लेटेस्ट जानकारियों के लिए ऐप डाउनलोड करें।