UPPSC APO Result 2025: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) प्रारंभिक परीक्षा 2025 के घोषित परिणाम को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है। कोर्ट ने आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अनारक्षित यानी सामान्य श्रेणी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली होती है। इसमें केवल गैर-आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ही शामिल नहीं किया जा सकता। यह महत्वपूर्ण फैसला जस्टिस मनीष निगम की एकल पीठ ने सुनाया।
बता दें कि यूपीपीएससी ने 16 सितंबर 2025 को एपीओ के 182 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इनमें 27 पद सामान्य, 67 SC, 9 ST, 61 OBC और 18 EWS वर्ग के लिए थे। भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 22 मार्च 2026 को हुई थी। इसका रिजल्ट 30 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया था, जिसमें 2,856 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बाद 28 से 30 जून 2026 तक मुख्य परीक्षा कराई गई। फिर इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू हुई।
इसके बाद परीक्षा के परिणाम और चयन प्रक्रिया को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंचा था। 28 सितंबर 2026 को हाईकोर्ट ने इंटरव्यू जारी रखने की अनुमति देते हुए अंतिम रिजल्ट घोषित करने पर रोक लगा दी थी।अब कोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट और 9 जनवरी 2020 का कार्यालय आदेश दोनों रद्द कर दिए हैं। इस परीक्षा के लिए 90 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि 50 हजार से ज्यादा ने परीक्षा दी थी।
अभ्यर्थियों के लिए क्या है अहम?
* APO प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम निरस्त।
* आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट बनानी होगी।
* 30 अप्रैल को घोषित परिणाम अब प्रभावी नहीं रहेगा।
* आगे की चयन प्रक्रिया संशोधित मेरिट लिस्ट के आधार पर होगी।
हाईकोर्ट के इस आदेश से APO भर्ती-2025 की चयन प्रक्रिया प्रभावित होगी। अब आयोग को कोर्ट के निर्देशों के अनुसार दोबारा मेरिट लिस्ट तैयार करनी होगी। इससे उन अभ्यर्थियों को भी उम्मीद जगी है, जो पहले घोषित परिणाम से असंतुष्ट थे।
कोर्ट ने क्या कहा
कोर्ट ने कहा कि जनरल यानी ओपन कैटेगरी सिर्फ जनरल वर्ग के लिए नहीं होती। इसमें सभी वर्गों के उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। ऐसे मामले में अगर किसी OBC, SC या दूसरे आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार के नंबर जनरल कैटेगरी के आखिरी सफल उम्मीदवार से ज्यादा हैं, तो उसे ओपन कैटेगरी में जगह मिलनी चाहिए।
