सज गया भारत का वह मेला, जहां से मुगल भी खरीदते थे घोड़ा और हाथी

आपने भारत के अलग-अलग मेलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, भारत में एक ऐसा भी मेला है, जो कि एशिया के सबसे बड़े मेलों में आता है। यह बिहार का सोनपुर मेला है, जो कि एशिया क सबसे बड़ा पशु मेला कहलाता है। यह 22 नवंबर से शुरू हो रहा है, जो कि 21 दिसंबर, 2026 तक चलेगा। 

Nov 21, 2026, 12:11 IST
सोनपुर मेला
सोनपुर मेला

भारत के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग मेलों का आयोजन किया जाता है। इनमें से एक मेला ऐसा भी है, जो कि पशुओं के व्यापार के लिए पूरे एशिया में जाना जाता है। यह एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला कहलाता है। इस मेले का इतिहास मौर्य काल से है और मुगलों की सेना भी इस मेले से घोड़ा और हाथी खरीदा करती थी। कौन-सा है यह मेला कहां है लगता, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें। 

22 नवंबर से शुरू हो रहा है सोनपुर मेला

हम जिस मेले की बात कर रहे हैं, वह बिहार का सोनपुर पशु मेला है। यह 22 नवंबर से शुरू हो रहा है और 21 दिसंबर, 2026 तक चलेगा। इस मेले को स्थानीय रूप से 'हरिहर क्षेत्र मेला' भी कहा जाता है, जो कि बिहार के सारण जिले के सोनपुर में गंगा और गंडक नदियों के संगम पर आयोजित होने वाला एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला है। यह हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुरू होता है और लगभग एक महीने तक चलता है।

Related Stories

मेले का है मौर्यकालीन इतिहास

इस मेले का इतिहास चंद्रगुप्त मौर्य के शासनकाल से जुड़ा माना जाता है। कहा जाता है कि सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य अपनी सेना के लिए हाथी और घोड़े खरीदने के लिए इसी मेले में आया करते थे। बाद में मुगल सम्राट अकबर और ब्रिटिश शासन के दौरान भी यह घोड़ों और हाथियों के व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा। मुगल सेना भी यहां से घोड़ा-हाथी खरीदा करती थी।

मेले की प्रमुख विशेषताएं

इस मेले में देश-विदेश से व्यापारी और किसान विभिन्न प्रजातियों के पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए आते हैं। यहां उन्नत नस्ल के घोड़े जैसेः मारवाड़ी, काठियावाड़ी, सिंधी, गाय, भैंस, ऊंट, बकरी, खरगोश और विभिन्न प्रकार के पक्षी देखने को मिलते हैं। हालांकि, अब यहां हाथियों की बिक्री नहीं होती है। पशुओं के अलावा इस मेले में लकड़ी के फर्नीचर, गर्म ऊनी कपड़ों, कृषि उपकरणों, पारंपरिक हस्तशिल्प और प्रसिद्ध 'थिएटर' व लोक कलाओं के बड़े बाजार लगते हैं।

मेले का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्त्व

मेले के पहले दिन लाखों श्रद्धालु गंगा और गंडक नदियों के पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाते हैं और बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते हैं।

इस बार मेले में बने हैं 21 अस्थायी थाने

सोनपुर मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में इस बार सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 21 अस्थायी थाने बनाए गए हैं। वहीं, मेले में इस बार पुलिस अपराध अनुसंधान विभाग की ओर से भी स्टॉल लगाया जाएगा, जिसमें लोगों को पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। साथ ही, मेले में रेलवे पुलिस की भी प्रदर्शनी रहेगी, जिसमें एक लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी।

Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.