दुनिया में आपने अलग-अलग तेज दौड़ने वाले जानवरों के बारे में पढ़ा और सुना ही होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि दुनिया का सबसे तेज दौड़ने वाला जानवर कौन-सा है? लोग इसे ‘स्पीड मशीन’ के रूप में भी जानते हैं। इस लेख के माध्यम से हम इस जानवरों की रफ्तार के बारे में जानेंगे।
सबसे तेज दौड़ने वाला जानवर
दुनिया का सबसे तेज दौड़ने वाला जानवर चीता है। चीता अपनी असाधारण शारीरिक बनावट और शारीरिक विज्ञान के कारण चंद सेकंड में ऐसी रफ्तार पकड़ लेता है, जो बड़ी-बड़ी स्पोर्ट्स कारों को भी पीछे छोड़ सकती है।
कितनी होती है चीते की रफ्तार
एक वयस्क चीता 80 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकता है। चीता केवल 3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। यह क्षमता कई आधुनिक सुपर कारों से भी तेज है। हालांकि, यह लंबी दूरी का धावक नहीं है। यह अपनी अधिकतम गति को केवल 200 से 300 मीटर यानि लगभग 20 से 30 सेकंड तक ही बनाए रख सकता है, क्योंकि अधिक दौड़ने से इसके शरीर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है।
कहा जाता है ‘स्पीड मशीन’
चीते की रीढ़ की हड्डी स्प्रिंग की तरह काम करती है। दौड़ते समय यह धनुष की तरह मुड़ती और फैलती है, जिससे चीते की छलांग 7 मीटर तक लंबी हो जाती है। वहीं, बिल्ली प्रजाति के अन्य जीवों जैसे बब्बर शेर या बाघ की तरह चीते के पंजे पूरी तरह अंदर नहीं छिपते। ये दौड़ते समय स्पाइक्स या रनिंग शूज के पंजों की तरह जमीन पर ग्रिप बनाते हैं।
चीते का होता है बड़ा दिल
चीते का दिल, फेफड़े और नॉस्ट्रिल्स सामान्य से बड़े होते हैं, जो दौड़ते समय मांसपेशियों तक तेजी से ऑक्सीजन पहुंचाते हैं। चीते की पूंछ नाव के पतवार की तरह काम करती है। तेज रफ्तार में अचानक दिशा बदलने के दौरान यह शरीर का संतुलन बनाए रखती है।
कितनी होती है टाइगर की रफ्तार
शेर की अधिकतम रफ्तार 74 से 81 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। शेर अपनी अधिकतम गति को केवल बहुत कम दूरी लगभग 100-200 मीटर के लिए ही बनाए रख सकता है। इसमें सहनशीलता कम होती है, इसलिए यह शिकार को लंबी दूरी तक दौड़ाने के बजाय घात लगाकर अचानक हमला करना पसंद करता है।
