General Knowledge Question: दुनिया में सांप की विभिन्न प्रजातियां पाई जाती हैं। इनमें अलग-अलग प्रजाति के कुछ सांप बहुत ही खतरनाक माने जाते हैं। अधिकतकर सांप अपने बिलों में रहते हैं, लेकिन दुनिया का इकलौता सांप ऐसा भी है, जो कि घोंसला बनाता है। क्या आप इस सांप के बारे में जानते हैं, यदि नहीं,तो इस लेख के माध्यम से हम इस सांप के बारे में जानेंगे।
दुनिया का इकलौता घोंसला बनाने वाला सांप
दुनिया का इकलौता घोंसला बनाने वाला सांप King Cobra है, जिसका वैज्ञानिक नाम Ophiophagus hannah है। सांपों की पूरी प्रजाति में केवल मादा किंग कोबरा ही अपने अंडों की सुरक्षा के लिए बाकायदा घोंसला तैयार करती है और उसकी रखवाली करती है।
Related Stories
कहां और कैसे घोंसला बनाता है किंग कोबरा
मादा किंग कोबरा सूखे पत्तों, टहनियों, घास और बांस के तिनकों को इकट्ठा करके जंगल की जमीन पर एक ऊंचा टीला बनाती है। सांप के हाथ-पैर नहीं होते, इसलिए वह अपने शरीर के अगले हिस्से को मोड़कर एक हुक जैसा आकार बनाती है और पत्तों व टहनियों को समेटकर एक जगह इकट्ठा करती है।
कितना बड़ा होता है घोंसला
यह घोंसला लगभग 2 से 3 फीट ऊंचा और 4 से 5 फीट चौड़ा हो सकता है। सड़ी-गली पत्तियों से प्राकृतिक रूप से निकलने वाली गर्मी घोंसले के अंदर गर्मी बनाए रखती है, जिससे अंडों को प्राकृतिक रूप से सेने में मदद मिलती है।
घोंसले से दूर चली जाती है मादा किंग कोबरा
अंडे देने के बाद मादा किंग कोबरा घोंसले के ऊपरी हिस्से पर कुंडली मारकर बैठ जाती है और लगभग 2 से 3 महीने तक बिना कुछ खाए-पिए वहीं रहकर अंडों की रक्षा करती है। जैसे ही अंडों से बच्चे निकलने का समय करीब आता है, मादा घोंसला छोड़कर दूर चली जाती है। इसके पीछे प्रकृति का एक नियम है। दरअसल, किंग कोबरा का मुख्य खाना अन्य सांप होते हैं, इसलिए वह अपनी भूख के कारण अपने ही बच्चों को न खा जाए, इससे बचने के लिए वह अंडे फूटने से पहले ही वहां से हट जाती है।
