उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियां जोरों पर हैं। इस कड़ी में 16 नवंबर, 2026 से 30 नवंबर, 2026 तक स्वगणना की जा रही है। यूपी के निवासी घर बैठे ही अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन माध्यम से दर्ज करा सकेंगे। केंद्र सरकार के पोर्टल पर पहुंच सिर्फ 40 सवालों का जवाब देना है, जिसके बाद आपकी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। घर बैठे कैसे पूरी करनी है यह प्रक्रिया, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मचारी
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर से जनगणना कर्मचारी घर-घर पहुंचेंगे। कर्मचारियों द्वारा स्वगणना में दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही, कर्मचारियों को स्वगणना में मिली SE-ID को भी दिखाना होगा, जिसके माध्यम से जानकारी का विवरण जांचा जाएगा।
Related Stories
क्या-क्या जानकारी देनी होगी
जनगणना में परिवार की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। साथ ही, परिवार के सदस्यों का नाम, उम्र, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा और रोजगार व पलायन से जुड़ी जानकारी देनी होगी। आपको बता दें कि इस बार जातिगत जनगणना भी होगी, जो कि स्वघोषणा के आधार पर होगी। हालांकि, इसके लिए जाति प्रमाणपत्र दिखाना जरूरी नहीं है।
ऐसे पूरी होगी स्वगणना
स्वगणना के लिए आपको https://se.census.gov.in पर पहुंचना है। यहां यूपी को चुनने के बाद अपनी भाषा चुननी होगी और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन होगा। इसके बाद डिजिटल मैप से घर की लोकेशन की पुष्टि होगी और परिवार की जानकारी भरनी होगी। सभी जानकारी भरने के बाद आखिर में सबमिट करना है, जिसके बाद आपको एक एसई-आईडी मिल जाएगी। इसे सुरक्षित रखना है और 1 दिसंबर से आने वाले जनगणना कर्मचारियों को दिखाना होगा।
इस हेल्पलाइन पर कर सकते हैं संपर्क
यदि आपको यूपी की स्वगणना में किसी भी प्रकार की परेशानी आ रही है, तो हेल्पलाइन नंबर 1855 पर कॉल कर सकते हैं। वहीं, सरकार की ओर से व्हाट्सएप चैटबॉट की भी सुविधा दी गई है, जिसका नंबर 18001801855 है।
एसिड अटैक पीड़ितों की अलग से जनगणना
इस बार दिव्यांगता के तहत एसिड अटैक पीड़ितों की अलग से जनगणना की जाएगी। ब्लड डिसऑर्डर और क्रॉनिक न्यूरोलॉजिकल बीमारियों से पीड़ितों का डाटा अलग से जुटाया जाएगा।
