दो नए चेहरों की भारतीय वनडे टीम में पहली बार एंट्री, इस दिग्गज की भी वापसी

नमन धीर और आक़िब नबी को वनडे टीम में शामिल किया गया है। वहीं, लंबे समय बाद अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की भी वनडे टीम में वापसी हुई है।

Sep 17, 2026, 18:27 IST
लंबे समय बाद जडेजा की वनडे टीम में वापसी
लंबे समय बाद जडेजा की वनडे टीम में वापसी

India vs West Indies: वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली घरेलू वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। वनडे टीम में इस बार दो ऐसे चेहरों को मौका मिला है, जो पहली बार इस फॉर्मेट में भारत की टीम का हिस्सा बने हैं।

बता दें कि नमन धीर और आक़िब नबी को वनडे टीम में शामिल किया गया है। वहीं, लंबे समय बाद अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की भी वनडे टीम में वापसी हुई है।

नमन धीर को पहली बार वनडे टीम में मौका

नमन धीर के लिए यह चयन किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। उन्हें पहली बार भारतीय वनडे टीम में जगह मिली है। इससे पहले धीर को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे मैचों के लिए चुना गया था।

धीर ने शेरे-ए-पंजाब टी20 लीग में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 10 मैचों में 655 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 217.61 रहा। टीम में धीर को मध्यक्रम में विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। 

आक़िब नबी का भी वनडे टीम में चयन

तेज गेंदबाज आक़िब नबी को भी पहली बार भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि नबी इससे पहले भारत की वनडे और टेस्ट टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है।

लंबे समय बाद जडेजा की वनडे टीम में वापसी

भारतीय टीम में सबसे चर्चित नामों में से एक रवींद्र जडेजा का भी है। जडेजा ने आखिरी बार जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे खेला था। अब वह लंबे अंतराल के बाद फिर से इस फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं।

नितीश कुमार रेड्डी की भी टीम में एंट्री

ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स की टीम से हटाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए शामिल किया गया है। वह टीम में ऑलराउंड विकल्प के तौर पर अहम भूमिका निभा सकते हैं।

भारत की वनडे टीम

भारतीय वनडे टीम में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार , मोहम्मद सिराज, आक़िब नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर शामिल हैं।

टी20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में

टी20 टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव को भी जगह मिली है।

27 सितंबर से शुरू होगी वनडे सीरीज

भारत और वेस्टइंडीज के बीच सबसे पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी। पहला मुकाबला 27 सितंबर को त्रिवेंद्रम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा वनडे 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा। इसके बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी।

भारत-वेस्टइंडीज सीरीज का पूरा शेड्यूल

27 सितंबर पहला वनडे दोपहर 2 बजे त्रिवेंद्रम

30 सितंबर दूसरा वनडे दोपहर 2 बजे गुवाहाटी

3 अक्टूबर तीसरा वनडे दोपहर 2 बजे न्यू चंडीगढ़

6 अक्टूबर पहला टी20 शाम 7 बजे लखनऊ

9 अक्टूबर दूसरा टी20 शाम 7 बजे रांची

11 अक्टूबर तीसरा टी20 शाम 7 बजे इंदौर

14 अक्टूबर चौथा टी20 शाम 7 बजे हैदराबाद

17 अक्टूबर पांचवां टी20 शाम 7 बजे बेंगलुरु

इस सीरीज में सबसे ज्यादा नजरें नमन धीर और आक़िब नबी के संभावित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू, रवींद्र जडेजा की वापसी और शुभमन गिल की कप्तानी वाली वनडे टीम पर रहेंगी।

अर्शदीप सिंह की गेंदबाजी घातक! लेकिन उनके नाम दर्ज हो गया एक अनचाहा रिकार्ड, देखें यहां

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates