अब इतने रुपये में घर बैठे बनवाएं आधार कार्ड, डाक विभाग दे रहा खास सुविधा, ऐसे करें बुकिंग
डाक विभाग की ओर से लोगों को घर बैठे आधार से जुड़ी सेवाएं देने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए 700 रुपये का होम सर्विस चार्ज देना होगा।
बैंक में खाता खुलवाने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और कई जरूरी कामों के लिए आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आधार कार्ड बनवाने या उसमें किसी तरह का अपडेट कराने के लिए लोगों को अक्सर आधार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। लेकिन अब इस परेशानी से राहत मिल सकती है। डाक विभाग की ओर से लोगों को घर बैठे आधार से जुड़ी सेवाएं देने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए 700 रुपये का होम सर्विस चार्ज देना होगा। खास बात यह है कि डाक विभाग का कर्मचारी खुद आपके घर पहुंचकर जरूरी प्रक्रिया पूरी करेगा।
अब आधार बनवाने के लिए नहीं लगाने होंगे चक्कर
हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार, यदि आप नया आधार कार्ड बनवाना चाहते हैं या पहले से बने आधार में कोई बदलाव कराना चाहते हैं, तो अब इसके लिए डाकघर जाने की जरूरत नहीं होगी। डाक विभाग की होम सर्विस के जरिए यह काम घर बैठे कराया जा सकता है। इसके लिए आवेदक को UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर होम सर्विस की बुकिंग करनी होगी।
घर पर आधार सेवा के लिए कितना लगेगा चार्ज?
डाक विभाग की इस सुविधा का लाभ लेने के लिए 700 रुपये का होम सर्विस शुल्क निर्धारित किया गया है। यानी आधार से जुड़ा काम कराने के लिए आपको कर्मचारी के घर आने का चार्ज देना होगा।
UIDAI की वेबसाइट से करनी होगी ऑनलाइन बुकिंग
घर बैठे आधार सेवा का लाभ लेने के लिए सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां होम सर्विस के लिए बुकिंग करनी होगी। इसके बाद संबंधित क्षेत्र के डाकघर को आवेदन की जानकारी मिल जाएगी। डाक विभाग का कर्मचारी तय प्रक्रिया के अनुसार आवेदक के घर पहुंचेगा। इस सुविधा से खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें आधार केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है या लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना चाहते।
मोबाइल नंबर अपडेट कराने की सुविधा
इस होम सर्विस के तहत केवल नया आधार कार्ड बनवाने की सुविधा ही नहीं मिलती, बल्कि बायोमेट्रिक अपडेट और मोबाइल नंबर बदलने जैसे काम भी कराए जा सकते हैं। इन सेवाओं के लिए अलग से निर्धारित शुल्क देना होगा।
5 साल तक के बच्चों का आधार बनवाना मुफ्त
डाक विभाग की इस सुविधा में छोटे बच्चों के लिए भी राहत दी गई है। पांच साल तक के बच्चों का आधार कार्ड घर पर बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।
हिंदुस्तान से बातचीत में, वरिष्ठ पोस्टमास्टर अशोक कुमार ने बताया कि प्रधान डाकघर में रोजाना दो से तीन लोग इस सुविधा के लिए बुकिंग करा रहे हैं। अन्य डाकघरों में भी यह सेवा उपलब्ध है, लेकिन अभी जागरूकता कम होने के कारण इसका लाभ उठाने वाले लोगों की संख्या सीमित है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.