अब उत्तर प्रदेश के इस शहर में होगा सबसे बड़ा स्टेडियम, 55,000 दर्शक देख सकेंगे मैच

आपने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्रिकेट स्टेडियमों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यूपी का सबसे बड़ा स्टेडियम अब किस शहर में होगा, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे। 

Oct 5, 2026, 08:17 IST
स्टेडियम
स्टेडियम

उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के शौकिन लोगों की कम नहीं है। यहां हर जिले में क्रिकेट को पसंद करने वाले लोग मिल जाएंगे। प्रदेश में क्रिकेट को बढ़ावा देने और आयोजन के लिए अलग-अलग जिलों में कई बड़े क्रिकेट स्टेडियम भी बने हुए हैं। हालांकि, अब पूरे उत्तर प्रदेश का सबसे बड़े स्टेडियम बनने जा रहा है। इसके लिए 350 करोड़ रुपये का बजट भी मंजूर हो गया है। इस लेख में हम इस स्टेडियम के बारे में विस्तार से जानेंगे।

अभी कौन-सा स्टेडियम है सबसे बड़ा

अभी पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम राज्य की राजधानी लखनऊ में स्थित इकाना है, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से भी जाना जाता है। इस स्टेडियम की कुल क्षमता 50,000 दर्शकों की है। यह एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है, जहां घरेलू से लेकर कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले गए हैं। 

अब कौन-सा स्टेडियम होगा सबसे बड़ा

अब उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में स्थित ग्रीन पार्क स्टेडियम सबसे बड़ा स्टेडियम होगा। क्योंकि, हाल ही में स्टेडियम के नवीनीकरण का प्रस्ताव पास हो गया है। इसके लिए सरकार की ओर से 350 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया गया है, जिसके बाद इस स्टेडियम की क्षमता बढ़ सकेगी। 

अभी कितनी है ग्रीन पार्क की क्षमता

ग्रीन पार्क स्टेडियम में मौजूदा समय में एक बार में करीब 32000 दर्शक बैठकर मैच का आनंद ले सकते हैं। यह प्रदेश के सबसे प्रसिद्ध स्टेडियमों में गिना जाता है। हालांकि, अब इसकी क्षमता बढ़ाकर 55,000 करने की योजना है। 

धनुषाकार में दिखेगी दर्शक दीर्घा

ग्रीन पार्क स्टेडियम में दर्शक दीर्घा बाहर से देखने पर धनुषाकार में दिखेगी। इसे राज्य के प्रतीक चिह्नों यानि कि बारहसिंघा, सारस और पलाश के फूलों का आकार भी दिया जाएगा। आपको बता दें कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई के साथ-साथ कानपुर का ग्रीन पार्क स्टेडियम भारत के पांच टेस्ट सेंटरों में शामिल है।

स्टेडियम में इनडोर और आउटोडर पिच होगी

इस स्टेडियम में क्रिकेट संग्रहालय के साथ-साथ इनडोर और आउटडोर पिच का भी निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, यहां तीन मंजिला VVIP गैलरी भी बनाई जानी है, जिसमें 500 वीवीआईपी मेहमानों के साथ 15,000 लोग बैठ सकेंगे। खास बात यह है कि स्टेडियम को इस तरह से तैयार किया जाएगा कि यहां अधिक बारिश होने पर भी स्टेडियम को 15 मिनट में खेलने के लिए तैयार किया जा सके।

Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates