न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला। ऑकलैंड, वेलिंगटन और हैमिल्टन में बारिश और मुश्किल परिस्थितियों के बीच खेली गई सीरीज का आखिरी मुकाबला माउंट माउंगानुई में धूप के बीच हुआ। हालांकि, भारतीय टॉप ऑर्डर एक बार फिर निराश किया। विराट कोहली और रोहित शर्मा इस वनडे सीरीज में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। कोहली ने पूरी सीरीज में केवल 86 रन बनाए, जबकि रोहित के बल्ले से महज 30 रन निकले। इसके साथ ही कोहली के नाम एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।
वनडे सीरीज में तीन बार सिंगल डिजिट पर हुए आउट
विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में तीन बार सिंगल डिजिट यानी 10 रन से कम के स्कोर पर आउट हुए। यह पहला मौका नहीं है, जब किसी वनडे सीरीज में कोहली को इतनी बार छोटी पारी खेलकर पवेलियन लौटना पड़ा हो।
इससे पहले साल 2011 के वनडे विश्व कप, 2012-13 में भारत में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज और 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया में खेली गई कार्लटन मिड वनडे ट्राई सीरीज में भी कोहली तीन-तीन बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ 2026 की सीरीज में इस लिस्ट में एक और रिकॉर्ड जुड़ गया।
3- वर्ल्ड कप 2011
3- भारत में पाकिस्तान, 2012/13
3- ऑस्ट्रेलिया में कार्लटन मिड वनडे ट्राई-सीरीज, 2014/15
3- न्यूजीलैंड में भारत, 2026
Related Stories
यश ठाकुर ने वनडे क्रिकेट में किया डेब्यू
सीरीज के 5वें और आखिरी वनडे मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला। 15 नवंबर 2026 को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में उन्होंने अपना पहला वनडे मुकाबला खेला। विदर्भ के इस तेज गेंदबाज को भारत की ओर से 267वीं वनडे कैप मिली।
अर्शदीप सिंह के नाम दर्ज हुआ यह रिकार्ड
इस मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने बल्ले से भी खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए दो छक्के लगाए। इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से इस नंबर पर दो या उससे अधिक छक्के लगाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए।
इससे पहले वेंकटेश प्रसाद ने 1996 में पाकिस्तान के खिलाफ टोरंटो में दो छक्के लगाए थे। वहीं, मोहम्मद शमी ने 2014 में फतुल्लाह में श्रीलंका के खिलाफ यह कारनामा किया था।
पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले भारतीय नंबर-11
अर्शदीप सिंह ने अपनी पारी के दौरान पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर एक और खास रिकॉर्ड बनाया। वह वनडे क्रिकेट में नंबर-11 पर उतरकर पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए।
