MI New Captain: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में कप्तानी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। हार्दिक पांड्या के टीम से जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पांच बार की चैंपियन टीम की कमान किस खिलाड़ी को सौंपी जाएगी? इस बीच मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी तस्वीर शेयर की है, जिसने फैंस के बीच रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी की चर्चाओं को तेज कर दिया है। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने अभी तक नए कप्तान के नाम का आधिकारिक एलान नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है की इसका ऐलान जल्द ही कर दिया जाएगा।
रोहित शर्मा की कप्तानी में हो सकती है वापसी
हार्दिक पांड्या ने IPL 2024 से 2026 तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी की थी। अब IPL 2027 से पहले उन्हें पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया गया है। इस ट्रेड में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने हैं।
हार्दिक के जाने के बाद रोहित शर्मा को दोबारा कप्तानी सौंपे जाने की चर्चा है। रोहित 2013 से 2023 तक मुंबई के कप्तान रहे थे। उनकी अगुआई में टीम ने पांच बार IPL ट्रॉफी जीती। मीडिया रिपोर्ट्स में भी उनकी वापसी की संभावना जताई जा रही है।
Related Stories
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा सस्पेंस
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें एक खिलाड़ी के हाथ में कैप नज़र आ रही है। इस पोस्ट को लेकर फैंस तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कई प्रशंसक इसे रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी का संकेत मान रहे हैं। हालांकि, तस्वीर के जरिए फ्रेंचाइजी ने किसी खिलाड़ी का नाम स्पष्ट नहीं किया है।
सूर्यकुमार और तिलक भी हो सकते हैं विकल्प
रोहित के अलावा सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के नाम भी कप्तानी के संभावित दावेदारों में शामिल हैं। तिलक युवा हैं और उन्हें घरेलू क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव भी है। वहीं, सूर्यकुमार भारतीय टीम की कमान संभाल चुके हैं।
मुंबई के पास 32.60 करोड़ रुपये का पर्स
IPL 2027 मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई के पास 32.60 करोड़ रुपये बचे हैं। टीम को कुल 9 स्लॉट भरने हैं, जिनमें 2 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। अब देखना होगा कि फ्रेंचाइजी रोहित को फिर से कप्तान बनाती है या किसी नए चेहरे पर भरोसा जताती है।
