नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच दौड़ेगी मेट्रो,बनेंगे 5 नए स्टेशन

पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी।  

Nov 11, 2026, 21:09 IST
24 लाख लोगों को मिलेगी राहत
24 लाख लोगों को मिलेगी राहत

नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए आखिरकार अच्छी खबर आ गई है। लंबे समय से प्रस्तावित नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कई रिहायशी इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और रोजाना सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

करीब 2,390 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह मेट्रो लाइन नोएडा सेक्टर-51 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 से जोड़ेगी। करीब 8.5 किमी लंबे इस कॉरिडोर पर पांच नए स्टेशन बनाए जाएंगे। पूरी लाइन एलिवेटेड होगी और पर्थला चौक, गौर चौक होते हुए एक मूर्ति चौक तक पहुंचेगी।

कैबिनेट बैठक में मिली परियोजना को मंजूरी

पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस मेट्रो परियोजना को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आबादी में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान यहां की आबादी करीब तीन गुना हो गई। बड़ी संख्या में नई सोसायटियां और रिहायशी इलाके विकसित होने के साथ ही लोगों के लिए बेहतर सार्वजनिक परिवहन की जरूरत भी बढ़ी है। ऐसे में मेट्रो का विस्तार इस क्षेत्र के लिए काफी अहम साबित होगा। सरकार के मुताबिक, इससे करीब 24 लाख लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

Related Stories

चार साल में पूरा होगा निर्माण, पांच स्टेशन बनेंगे

नई मेट्रो लाइन का निर्माण चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब साढ़े आठ किलोमीटर लंबे इस रूट पर पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। सभी स्टेशन एलिवेटेड होंगे। इस कॉरिडोर के शुरू होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को नोएडा के प्रमुख इलाकों तक पहुंचने के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा।

इस परियोजना की एक अहम खासियत इंटरचेंज की सुविधा भी है। नोएडा सेक्टर-61 पर यात्री ब्लू लाइन से जुड़ सकेंगे। इससे दिल्ली और एनसीआर के दूसरे हिस्सों तक मेट्रो के जरिए पहुंचना आसान होगा।

मेट्रो नेटवर्क बढ़कर 71 किमी का होगा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो पहुंचने से सिर्फ सफर आसान नहीं होगा, बल्कि पूरे इलाके की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। अभी इस क्षेत्र के कई लोगों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए ऑटो, बस या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। नई लाइन शुरू होने के बाद यह परेशानी काफी हद तक कम हो सकती है।

इस कॉरिडोर के चालू होने पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई करीब 71 किलोमीटर हो जाएगी।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.