राजस्थान का सबसे उत्तरी जिला, जिसे कहा जाता है ‘धान का कटोरा’

राजस्थान में आपने अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। यहां अलग-अलग दिशाओं में जिले मौजूद हैं, जिनमें चार दिशाओं के चार जिले सबसे प्रसिद्ध हैं। इस कड़ी में क्या आप जानते हैं कि सबसे उत्तरी जिला कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।

Sep 19, 2026, 16:32 IST
राजस्थान
राजस्थान

राजस्थान क्षेत्रफल के हिसाब से भारत का सबसे बड़ा राज्य है। राजाओं का गढ़ कहा जाने वाला यह राज्य अपनी विविध संस्कृति और अनूठी परंपराओं के लिए जाना जाता है। यहां का समृद्ध इतिहास इसे अन्य राज्यों से अलग बनाता है। इस कड़ी में यहां के अलग-अलग जिले हैं, जो कि अपनी विभिन्न विशेषताओं के लिए जाने जाते हैं। राज्य में चार दिशाओं के चार जिले प्रसिद्ध हैं। हालांकि, क्या आप राजस्थान के सबसे उत्तरी जिले के बारे में जानते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।

राजस्थान का सबसे उत्तरी जिला

राजस्थान का सबसे उत्तरी जिला श्रीगंगानगर है। यह जिला राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी छोर पर स्थित है और इसे बीकानेर रियासत के तत्कालीन महाराजा गंगा सिंह ने बसाया था।

श्रीगंगानगर का सबसे उत्तरी बिंदु

श्रीगंगानगर जिले की 'गंगानगर' तहसील में स्थित कोणा गांव राजस्थान राज्य का आखिरी उत्तरी बिंदु माना जाता है। राजस्थान की उत्तरी सीमा 30 डिग्री 12' उत्तरी अक्षांश पर इसी बिंदु को छूती है।

जिले की है अंतरराष्ट्रीय और अंतर्राज्यीय सीमाएं

श्रीगंगानगर जिला अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण दोहरी सुरक्षा सीमा साझा करता है। यह जिला पश्चिम में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से सटा हुआ है। भारत-पाक रेडक्लिफ रेखा का सबसे उत्तरी बिंदु 'हिंदूमलकोट' इसी जिले में स्थित है। वहीं, उत्तर-पूर्व में इसकी सीमा भारत के पंजाब राज्य के फाजिल्का जिले को छूती है।

कहा जाता है 'राजस्थान का अन्न भंडार' 

रेगिस्तानी क्षेत्र के करीब होने के बावजूद यह जिला राजस्थान के सबसे उपजाऊ कृषि क्षेत्रों में गिना जाता है। 1927 ई. में महाराजा गंगा सिंह सतलज नदी का पानी 'गंग नहर' के माध्यम से यहां लाए थे। यह भारत की पहली प्रमुख आधुनिक नहर परियोजनाओं में से एक थी। बाद में इंदिरा गांधी नहर के विस्तार से यहां सिंचाई संभव हुई। जिले में गेहूं, कपास, किन्नू और सरसों के उत्पादन के कारण इसे 'राजस्थान का धान का कटोरा' या 'राजस्थान का अन्न भंडार' भी कहा जाता है।

कितना बड़ा है राजस्थान

राजस्थान क्षेत्रफल की हिसाब से भारत का सबसे बड़ा राज्य है। इसका कुल एरिया 3,42,239 वर्ग किलोमीटर है, जो कि भारत के कुल क्षेत्रफल का लगभग 10.41 फीसदी हिस्सा है। अपनी अनूठी रेगिस्तानी सुंदरता, राजसी किलों, गौरवशाली इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए यह पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। इसे 'राजाओं की भूमि' या 'रजवाड़ा' भी कहा जाता है।

Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates