उत्तर प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। योगी सरकार 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की तैयारी कर रही है। इसका ऐलान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया है। यदि यह फैसला लागू होता है, तो प्रदेश की लाखों बुजुर्ग महिलाओं को सफर के दौरान टिकट के पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे। हालांकि, योजना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
60 साल की उम्र के बाद नहीं लगेगा किराया?
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा का लाभ देने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को लेकर विधानसभा में प्रक्रिया पूरी होने और 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में प्रावधान किए जाने की बात कही गई है।
अब मुख्यमंत्री की ओर से अंतिम मंजूरी और आधिकारिक ऐलान के बाद ही यह साफ होगा कि सुविधा कब से और किन नियमों के तहत लागू होगी।
100 करोड़ रुपये का किया प्रावधान
बुजुर्ग महिलाओं की मुफ्त यात्रा के खर्च की भरपाई के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किए जाने की जानकारी दी गई है। यह रकम उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को प्रतिकर के तौर पर दी जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से उन महिलाओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा जिन्हें इलाज, रिश्तेदारों से मिलने, धार्मिक यात्राओं या दूसरे जरूरी कामों के लिए बार-बार सफर करना पड़ता है।
बलिया दौरे पर हुआ ऐलान
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने यह जानकारी बलिया में आयोजित रक्षा बंधन मिलन कार्यक्रम के दौरान दी। कार्यक्रम में महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी। इसी दौरान उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की योजना का जिक्र किया।
साथ ही मंत्री ने बताया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर लगातार कदम उठा रही है।
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान
रक्षाबंधन के मौके पर भी यूपी सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी है। 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक UPSRTC की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
खास बात यह है कि इस बार महिला यात्री के साथ एक सहयोगी भी मुफ्त यात्रा कर सकेगा। इससे राखी के लिए मायके जाने वाली महिलाओं को काफी राहत मिल सकती है।
लाखों महिलाओं को मिलेगा फायदा
यदि आजीवन मुफ्त यात्रा की योजना लागू होती है, तो उत्तर प्रदेश की लाखों बुजुर्ग महिलाओं के लिए यह बड़ी सुविधा साबित हो सकती है। रोजमर्रा के जरूरी काम हों या इलाज और धार्मिक यात्रा सभी कार्यों के लिए उन्हें बस का किराया देने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
फिलहाल सभी की नजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आधिकारिक घोषणा पर है। योजना लागू होने के बाद पात्रता और यात्रा से जुड़े नियमों की जानकारी भी स्पष्ट हो जाएगी।
