Priyansh Arya New Record: दिल्ली के युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबको चौंका दिया है। तमिलनाडु के खिलाफ इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में आर्य ने महज 68 गेंदों में 181 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
प्रियांश अब T20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने KL राहुल के 152 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। साथ ही, एक T20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
36 गेंदों में शतक, 19 छक्कों से मचाया तहलका
तमिलनाडु ने टॉस जीतकर दिल्ली को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। दिल्ली को शुरुआती झटका तब लगा, जब तीसरे ओवर में यश धुल 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, प्रियांश आर्य ने इस विकेट का असर अपनी बल्लेबाजी पर नहीं पड़ने दिया।
बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। आर्य की पारी में 19 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 275 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
Related Stories
T20 इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पारी
प्रियंश आर्य की 181 रन की पारी पुरुष T20 क्रिकेट की दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी बन गई है। इस सूची में उनसे आगे दक्षिण अफ्रीका के लुआंद्रे प्रिटोरियस हैं, जिन्होंने अक्टूबर 2026 में टाइटन्स की ओर से नाइट्स के खिलाफ नाबाद 188 रन बनाए थे।
केएल राहुल का रिकॉर्ड भी टूटा
इससे पहले T20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल थे। उन्होंने IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ नाबाद 152 रन बनाए थे। उनकी पारी में 16 चौके और 9 छक्के शामिल थे।
दिल्ली कैपिटल्स ने उस मुकाबले में 264/2 का स्कोर बनाया, लेकिन पंजाब किंग्स ने 7 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया था। अब प्रियांश आर्य ने 181 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर राहुल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
