Samvidhan Diwas Speech 2026: भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस (Constitution Day) मनाया जाता है। यह दिन भारतीय लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को याद करने का विशेष अवसर है। स्कूलों और कॉलेजों में इस मौके पर भाषण, निबंध, वाद-विवाद और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अगर आप भी संविधान दिवस पर भाषण देने की तैयारी कर रहे हैं, तो यहां हम आपके लिए एक शानदार और प्रभावशाली भाषण लेकर आए हैं, जिसे सुनकर हॉल में मौजूद लोग तालियां बजाने पर मजबूर हो जाएंगे।
संविधान दिवस पर छात्रों के लिए शानदार भाषण (Samvidhan Diwas Speech in Hindi)
आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, सभी शिक्षकगण और मेरे प्यारे साथियों, आप सभी को मेरा सादर नमस्कार।
आज मैं आप सभी के सामने भारत के इतिहास के एक बेहद महत्वपूर्ण दिन यानी संविधान दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त करने जा रहा/रही हूं।
26 नवंबर का दिन हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है। इसी दिन वर्ष 1949 में भारत की संविधान सभा ने हमारे संविधान को अपनाया था। हालांकि, इसे 26 जनवरी 1950 को पूरे देश में लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक अवसर की याद में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
हमारा संविधान केवल कानूनों की एक किताब नहीं है, बल्कि यह हमारे देश की आत्मा है। यह हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार देता है। भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम हमारा संविधान करता है।
भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्हें संविधान की प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। उनके साथ संविधान सभा के अनेक सदस्यों ने लगभग 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिनों तक मेहनत करके संविधान तैयार किया।
साथियों, संविधान हमें अधिकार देने के साथ-साथ कुछ महत्वपूर्ण कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि हम देश के कानूनों का सम्मान करें, सभी धर्मों और समुदायों के लोगों के साथ समान व्यवहार करें, पर्यावरण की रक्षा करें और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखें।
आज संविधान दिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहेंगे और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगे। क्योंकि एक मजबूत देश का निर्माण तभी संभव है, जब उसके नागरिक जागरूक और जिम्मेदार हों।
अंत में मैं बस इतना कहना चाहूंगा/चाहूंगी
"संविधान हमारा सम्मान है,
लोकतंत्र की यह पहचान है।
न्याय, समानता और स्वतंत्रता का संदेश,
इसी से मजबूत है अपना देश।"
इसी संदेश के साथ मैं अपनी वाणी को विराम देता/देती हूं।
जय हिंद! जय भारत!
Related Stories
संविधान दिवस पर भाषण देते समय इन बातों का रखें ध्यान
1. भाषण की शुरुआत सभी अतिथियों और शिक्षकों के अभिवादन से करें।
2. अपनी आवाज स्पष्ट और आत्मविश्वास से भरी रखें।
3. संविधान से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों और तारीखों का सही उल्लेख करें।
4. भाषण के दौरान श्रोताओं से नजरें मिलाकर बात करें।
5. अंत में कोई प्रभावशाली नारा या प्रेरणादायक संदेश जरूर दें।
