UPPSC New Chairman: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को नया अध्यक्ष मिल गया है। योगी सरकार ने 1995 बैच के IPS ऑफिसर आलोक सिंह को आयोग की जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में गुरुवार को आदेश जारी किया गया। वर्तमान में आलोक सिंह उत्तर प्रदेश प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के DG पद पर तैनात हैं। उन्होंने इस नई जिम्मेदारी के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन किया है।
आलोक सिंह का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 23 जनवरी 2029 तक रहेगा। वहीं, आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर को रिटायर हो गए थे।
कौन हैं IPS आलोक सिंह?
आलोक सिंह उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के IPS अधिकारी हैं और मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले हैं। पुलिस सेवा में अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।
जनवरी 2020 में उन्हें गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इसके अलावा वह कानपुर जोन में ADG, मेरठ रेंज में IG और कानपुर में SSP व IG के पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं।
Related Stories
रक्षामंत्री के रह चुके है निजी सचिव
बता दें कि मई 2026 में उन्हें DG रैंक पर प्रमोट किया गया था। आलोक सिंह केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निजी सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं। उनका नियमित रिटायरमेंट जनवरी 2027 में होना था।
चारों प्रमुख भर्ती संस्थाओं की कमान IPS अधिकारियों के पास
आलोक सिंह की नियुक्ति के बाद उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्ती से जुड़ी चार प्रमुख संस्थाओं के अध्यक्ष पुलिस सेवा से होंगे।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की कमान पूर्व DGP सत्यनारायण साबत के पास है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष पूर्व DGP प्रशांत कुमार हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की जिम्मेदारी IPS अधिकारी एसबी शिरडकर संभाल रहे हैं।
अब UPPSC की कमान भी IPS अधिकारी आलोक सिंह को मिलने के बाद प्रदेश की चारों प्रमुख भर्ती संस्थाओं का नेतृत्व पुलिस सेवा के अधिकारियों के हाथ में होगा।
