उत्तर प्रदेश सरकार ने दिवाली पर राज्य के लाखों कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 30 दिन के एडहॉक बोनस को मंजूरी मिल गई है। इसे लेकर वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने शासनादेश जारी कर दिया है। इससे राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थान और प्राविधिक शिक्षण संस्थान, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और दैनिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को लाभ मिलेगा
किस पद मैट्रिक्स वाले को मिलेगा लाभ
सरकार द्वारा जारी शासनादेश के मुताबिक, बोनस का लाभ उन सभी कर्मचारियों को मिलेगा, जिनका पद वेतन मैट्रिक्स लेवल-8(47,600-1,51,100) या अपुनरीक्षित वेतनमान में ग्रेड पे 4800 रुपये तक निर्धारित है। हालांकि, यदि किसी कर्मचारी को इससे अधिक वेतन मिल रहा है, तब भी उसे बोनस का लाभ मिलेगा। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि बोनस का लाभ उन कर्मचारियों को मिलेगा, जिन्होंने 31 मार्च,2026 को एक वर्ष की सेवा पूरी कर ली है।
Related Stories
विभाग ने तैयार किया है फॉर्मूला
बोनस भुगतान के लिए विभाग द्वारा बचत और नगद को मिलाकर एक मिला-जुला फॉर्मूला तैयार किया गया है। इसके तहत सिर्फ 75 फीसदी हिस्सा ही कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते में जमा होगा, जबकि 25 फीसदी हिस्से का नगद भुगतान किया जाएगा।
NSC और PPF के रूप में मिलेगी राशि
ऐसे कर्मचारी जो भविष्य निधि के सदस्य नहीं हैं, उन्हें राशि का भुगतान नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट(NSC) या पब्लिक प्रोविडेंट फंड(PPF) के रूप में किया जाएगा। ऐसे कर्मचारी जो 31 मार्च, 2026 के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं या फिर अप्रैल, 2027 में होने वाले हैं, उन्हें बोनस का पूरा पैसा नगद मिलेगा।
वहीं, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी कर्मचारी को साल 2025-26 में किसी विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही या आपराधिक मुकदमे में दंड दिया गया है, तो उसे बोनस का लाभ नहीं मिलेगा। वहीं, जिनके खिलाफ जांच चल रही है, उन्हें फैसला आने तक बोनस नहीं दिया जाएगा।
कितना मिलेगा बोनस
अब सवाल है कि बोनस का लाभ कितना मिलेगा, तो आपको बता दें कि बोनस की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये तय की गई है। एक महीने की औसत दिनों की संख्या 30.4 मानकर गिनती की जाएगी। इसके आधार पर अधिकतम बोनस 6,908 रुपये है। वहीं, सप्ताह में 6 दिन वाले कार्यालयों में कम से कम 3 साल से लगातार काम और हर साल 240 दिन काम करने वाले दैनिक भोगी भी इसका लाभ ले सकेंगे। उन्हें अधिकतम 1200 रुपये प्रति माह के हिसाब से 1184 रुपये का बोनस मिलेगा।
