कौन है विनोद तावड़े जिन्हें बीजेपी ने चुनाव से पहले यूपी का बनाया प्रभारी

बीजेपी ने यूपी चुनाव से पहले पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। साथ ही सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी और तरुण चुघ को गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

Aug 18, 2026, 17:16 IST
विनोद तावड़े को मिली यूपी की बड़ी जिम्मेदारी
विनोद तावड़े को मिली यूपी की बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नए राज्य प्रभारियों की सूची जारी कर दी। सबसे बड़ी नियुक्तियों में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया जाना शामिल है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। यूपी जैसे अहम राज्य की कमान तावड़े को सौंपे जाने को बीजेपी की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कौन हैं विनोद तावड़े?

महाराष्ट्र के रहने वाले विनोद तावड़े बीजेपी के अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। संगठन में काम करने का उन्हें लंबा अनुभव है और वह पार्टी में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। तावड़े BJP के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी वह बीजेपी के संगठन में सक्रिय रहे हैं। यही अनुभव अब उत्तर प्रदेश में उनके काम आएगा, जहां पार्टी के लिए संगठन को मजबूत रखना सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है। 

पंजाब और गुजरात में भी बदले प्रभारी

बीजेपी ने सिर्फ यूपी में ही बदलाव नहीं किया है। सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है, जबकि तरुण चुघ को गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंजाब में बीजेपी के सामने अपना संगठन और मजबूत करने की चुनौती है। वहीं गुजरात पार्टी का मजबूत गढ़ है, इसलिए यहां संगठन की कमान भी अहम मानी जा रही है।

नितिन नबीन की टीम में कई बड़े चेहरे

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यकाल में सामने आई नई टीम में कई चर्चित चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

वहीं पूर्व RSS नेता राम माधव और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

2027-29 के चुनावों की तैयारी का संकेत

राज्य प्रभारियों में यह बदलाव सिर्फ संगठनात्मक फेरबदल नहीं माना जा रहा। इसे बीजेपी के अगले बड़े चुनावी रोडमैप की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है। यूपी, पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों में नई जिम्मेदारियां देकर पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन को अभी से मजबूत करने पर जोर है। 

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates