12 रन बनाते ही ODI में इतिहास रच देंगे विराट कोहली, ये तीन रिकार्ड तोड़ने का सुनहरा मौका

विराट कोहली वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरे करने से महज 12 रन दूर हैं। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज का आगाज 4 नवंबर को होने जा रहा है।

Nov 2, 2026, 18:28 IST
विराट कोहली के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका
विराट कोहली के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर अपने बल्ले से इतिहास रचने के करीब हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज उनके लिए कई मायनों में खास रहने वाली है। सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। इसके ठीक अगले दिन यानी 5 नवंबर को कोहली अपना 38वां जन्मदिन मनाएंगे। ऐसे में फैंस को उम्मीद होगी कि जन्मदिन से पहले या उसके आसपास कोहली अपने प्रदर्शन से उन्हें खास तोहफा दें।

इस सीरीज में कोहली के पास तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। इनमें से एक रिकार्ड ऐसा है, जिसके लिए उन्हें सिर्फ 12 रन बनाने होंगे। 

नंबर-3 पर 13 हजार रन पूरे करने का मौका

विराट कोहली वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरे करने से महज 12 रन दूर हैं। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन सकते हैं।

कोहली ने अब तक 250 पारियों में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 12,988 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 61.55 का रहा है और उन्होंने 48 शतक भी लगाए हैं। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग दूसरे स्थान पर हैं, जिनके नाम 12,662 रन दर्ज हैं। कोहली पहले ही वनडे में सबसे तेज 13 हजार और 14 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड बना चुके हैं।

Related Stories

विदेशी मैदानों पर 50वीं बार 50+ स्कोर

कोहली का प्रदर्शन सिर्फ भारतीय पिचों तक सीमित नहीं रहा है। विदेशी मैदानों पर भी उन्होंने लगातार शानदार बल्लेबाजी की है। विरोधी टीम के घरेलू मैदानों पर उनके नाम 127 वनडे मैचों में 5,612 रन हैं। इस दौरान उनका औसत 53.96 रहा है।

कोहली ने इन मुकाबलों में 21 शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं। यानी वह 50 या उससे ज्यादा रन की 49 पारियां खेल चुके हैं। अब एक और अर्धशतक या शतक लगाते ही वह विदेशी जमीन पर 50 बार यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

लिस्ट A क्रिकेट में सचिन को छोड़ने का मौका

कोहली के पास तीसरा रिकॉर्ड लिस्ट A क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का है। फिलहाल वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। दोनों के नाम 60-60 शतक हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और शतक लगाते ही कोहली सचिन को पीछे छोड़कर इस लिस्ट में अकेले टॉप पर पहुंच जाएंगे। खास बात यह है कि इस लिस्ट में इनके अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज 45 शतकों के आंकड़े तक भी नहीं पहुंचा है।

कोहली के नाम 55 शतक

वनडे क्रिकेट की बात करें तो कोहली के नाम 55 शतक हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर ने 49 शतक लगाए थे। अब सबकी नजरें न्यूजीलैंड सीरीज पर होंगी। देखना दिलचस्प होगा कि विराट कोहली इस दौरे पर कितने रिकॉर्ड अपने नाम करते हैं।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.