उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आज देशभर में उनकी राजनीति और प्रशासनिक फैसलों के लिए जाना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि राजनीति में आने से पहले उन्होंने कहां तक पढ़ाई की थी? योगी आदित्यनाथ ने किस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और उनका पसंदीदा विषय कौन-सा था?
योगी आदित्यनाथ की पढ़ाई से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक का सफर काफी दिलचस्प रहा है। आइए जानते हैं उनकी एजुकेशन और जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें।
उत्तराखंड में हुई शुरुआती पढ़ाई
योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के पंचूर गांव में हुआ था। उनका बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट था। उनका परिवार उत्तराखंड में रहता था और उनकी शुरुआती पढ़ाई भी इसी राज्य में हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने साल 1987 में टिहरी गढ़वाल के गजा स्थित स्कूल से दसवीं की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए ऋषिकेश का रुख किया।
Related Stories
ऋषिकेश के कॉलेज से पास की 12वीं
दसवीं के बाद योगी आदित्यनाथ ने ऋषिकेश के श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में दाखिला लिया। यहां से उन्होंने साल 1989 में इंटरमीडिएट यानी 12वीं की पढ़ाई पूरी की।
स्कूल की शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने कॉलेज में दाखिला लिया और विज्ञान विषय के साथ आगे की पढ़ाई शुरू की।
गणित विषय से किया ग्रेजुएशन
योगी आदित्यनाथ ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी से विज्ञान में ग्रेजुएशन किया। उनकी पढ़ाई का मुख्य विषय गणित था। उन्होंने साल 1992 में बीएससी की डिग्री हासिल की।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उनकी शैक्षिक योग्यता विज्ञान में स्नातक बताई गई है। यानी योगी आदित्यनाथ ने कॉलेज में गणित के साथ विज्ञान की पढ़ाई की थी।
26 साल की उम्र में बने सांसद
ग्रेजुएशन के बाद योगी आदित्यनाथ के जीवन में एक बड़ा बदलाव आया। उनका जुड़ाव धार्मिक गतिविधियों से बढ़ा और वह गोरखनाथ मठ से जुड़े।
साल 1998 में उन्होंने पहली बार गोरखपुर से लोकसभा चुनाव जीता। उस समय उनकी उम्र करीब 26 साल थी। इसके बाद वह 1999, 2004, 2009 और 2014 में भी गोरखपुर से सांसद चुने गए।
कब बने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री?
साल 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया। इसके साथ ही उनका राजनीतिक सफर एक नए मुकाम पर पहुंचा।
