Delhi TGT Vacancy 2026: दिल्ली सरकार के नए फैसले के बाद TGT भर्ती में पुरुष उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष से बढ़ाकर 32 वर्ष कर दी गई है। वहीं, महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष से बढ़ाकर 40 वर्ष कर दी गई है। यह छूट केवल एक बार के लिए दी गई है और DSSSB के विज्ञापन संख्या 06/2025 के तहत शुरू की गई भर्ती पर लागू होगी।
इस फैसले से उन उम्मीदवारों को आवेदन का अवसर मिल सकता है, जो पहले निर्धारित आयु सीमा के कारण भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए थे। आयु सीमा में छूट को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों की ओर से मांग की जा रही थी।
8 विषयों के 16 पोस्ट कोड पर मिलेगी छूट
दिल्ली सरकार का यह फैसल TGT के आठ विषयों में निकाली गई भर्ती पर लागू होगा। इनमें गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, प्राकृतिक विज्ञान, हिंदी, संस्कृत, उर्दू और पंजाबी शामिल हैं। इन विषयों के पुरुष और महिला उम्मीदवारों के कुल 16 पोस्ट कोड इस फैसले के दायरे में आएंगे।
बता दें कि DSSSB ने 3 अक्टूबर 2025 को भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 7 नवंबर 2025 निर्धारित की गई थी।
Related Stories
DSSSB दोबारा आवेदन लिंक करेगा एक्टिव
आयु सीमा में छूट मिलने के बाद शिक्षा निदेशालय ने DSSSB से सीमित अवधि के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल दोबारा खोलने का अनुरोध किया है। इसका उद्देश्य उन नए पात्र उम्मीदवारों को आवेदन का मौका देना है, जो आयु सीमा में बदलाव के बाद भर्ती के लिए योग्य हुए हैं।
हालांकि, आवेदन पोर्टल दोबारा खोलने की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि आयु की गणना मूल आवेदन की अंतिम तिथि यानी 7 नवंबर 2025 के आधार पर की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता और CTET की शर्तें रहेंगी लागू
उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि आयु सीमा में छूट मिलने के बावजूद भर्ती की अन्य पात्रता शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, CTET प्रमाणपत्र और संबंधित श्रेणी के प्रमाणपत्रों की शर्तें पूरी करनी होंगी।
ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे DSSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें, ताकि आवेदन पोर्टल दोबारा खुलने पर समय रहते फॉर्म भर सकें।
UP TGT Vacancy 2026: आवेदन की आखिरी तारीख आगे बढ़ी, 28 नवंबर तक करें ऑनलाइन अप्लाई
