‘भारतीय रेल’—इसके बारे में कौन नहीं जानता, जिससे हजारों लोग रोजाना सफर करते हैं। इसमें गरीब से गरीब और अमीर से अमीर यात्री सफर करता है। भारतीय रेल को देश की जीवन रेखा भी कहा जाता है। इसे चलाने वालों पर भी कम जिम्मेदारी नहीं होती। इसमें जरा सी भी लापरवाही से किसी की जान तक जा सकती है। इसके लिए अलग-अलग पदों पर नियुक्ति की जाती है। इनमें अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, टिकट परीक्षक और ट्रैकमैन आदि पद शामिल हैं। हम आपको नीचे लेख में बताएंगे कि आखिर एक लोको पायलट का क्या काम होता है और उसका पूरा दिन कैसे बीतता है।
लोको पायलट कौन होता है?
एक लोको पायलट पूरे दिन क्या काम करता है? इस सवाल के जवाब से पहले यह जानना जरूरी है कि आखिर एक लोको पायलट कौन होता है? भारतीय रेलवे में ट्रेन को चलाने वाले मुख्य चालक को कहा जाता है। इन्हें आम भाषा में ट्रेन का ड्राइवर भी कहा जाता है। लोको पायलट ट्रेन संचालन, सिग्नल का पालन, इंजन की निगरानी और सहायक लोको पायलट की मदद करता है।
Related Stories
लोको पायलट कैसे बनते हैं?
लोको पायलट बनने के लिए उम्मीदवार के पास 10वीं पास की मार्कशीट के साथ आईटीआई या किसी मान्यता प्राप्त ट्रेड में डिप्लोमा/इंजीनियरिंग होना आवश्यक है। लोको पायलट के लिए हर साल रेलवे भर्ती बोर्ड कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), साइकोमेट्रिक टेस्ट और मेडिकल परीक्षा का आयोजन करता है। लोको पायलट बनने के बाद शुरुआती इन-हैंड सैलरी लगभग 25,000 से 35,000 रुपये प्रति माह मिलतीहै। सरकारी सुविधाएं भी मिलती है।
लोको पायलट हर दिन क्या काम करता है?
सबसे पहले लोको पायलट लॉबी में पहुंचता है, जहां उन्हें अपना अल्कोहल टेस्ट कराना होता है। इसके बाद वे ट्रेन के संचालन से जुड़े निर्देश पत्र को ध्यान से पढ़ते हैं। निर्देश पत्र को ध्यान से पढ़ने के बाद लोको पायलट असिस्टेंट लोको पायलट के साथ इंजन कैब में पहुंचते हैं और ब्रेक सिस्टम, हेडलाइट और हॉर्न सहित अन्य उपकरणों को अच्छे से चेक करते हैं, ताकि रास्ते में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो।अब जब ट्रेन अपने स्टेशन से चलना शुरू करती है, तो उस दौरान लोको पायलट पटरियों के किनारे लगे सिग्नल पर नजर और ट्रेन की गति को कंट्रोल करने का काम करते हैं।
इंजन में एक विजिलेंट कंट्रोल डिवाइस बटन भी होता है, जिसे हर 60 सेकंड में लोको पायलट को बजाना है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि लोको पायलट पूरी तरह होश में है। अपने ट्रेन के सफर के दौरान लोको पायलट लगातार स्टेशन मास्टर और कंट्रोल रूम के संपर्क में रहते हैं।
जब लोको पायलट अपनी यात्रा पूरी कर लेते हैं, तो वे गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने के बाद ट्रेन को दूसरे क्रू को सौंपते हैं। इसके बाद वे 'साइन-ऑफ' करते हैं।
