जब सपने बड़े हों, तो लाखों के पैकेज भी छोटे लगने लगते हैं। सच्ची कामयाबी सुविधाएं चुनने से नहीं, बल्कि अपने जुनून का पीछा करने से मिलती है। हमारी आज की कहानी भी इसी जज्बे की मिसाल है। 'श्रीकांत नायक' आज महज एक नाम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए एक चमकता सितारा बन चुके हैं—एक ऐसा सितारा, जिसकी चमक के पीछे सालों की कड़ी मेहनत, लगन और कड़ा अनुशासन छिपा है।
लाखों का पैकेज छोड़ चुनी देश सेवा
तेलंगाना के एक छोटे से गांव के आदिवासी किसान परिवार से आने वाले श्रीकांत बचपन से ही पढ़ाई में होशियार रहे हैं। 12वीं में अच्छे अंकों की बदौलत उन्हें IIIT बसारा में एडमिशन मिल गया, जहां से उन्होंने साल 2018 में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) में बीटेक की डिग्री हासिल की। फाइनल ईयर के कैंपस प्लेसमेंट में श्रीकांत को भी एक मल्टीनेशनल कंपनी से लाखों के पैकेज का ऑफर मिला, लेकिन उनके दिल में देश सेवा का जुनून पल रहा था। उन्होंने यह शानदार नौकरी ठुकरा दी और सरकारी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए।
Related Stories
6 महीने में क्रैक किए 4 सरकारी एग्जाम
श्रीकांत की मेहनत रंग लाई और तैयारी के महज़ 6 महीने के भीतर ही उन्होंने चार सरकारी भर्ती परीक्षाएं क्रैक कर लीं। इनमें जूनियर पंचायत सचिव, ग्राम राजस्व अधिकारी (VRO), जूनियर असिस्टेंट और सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद शामिल थे। इसके बाद श्रीकांत की तेलंगाना पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) के पद पर नियुक्ति हुई।
हार नहीं मानी, ड्यूटी के साथ जारी रखी DSP की तैयारी
सब-इंस्पेक्टर बनने के बाद भी श्रीकांत संतुष्ट नहीं थे। उन्हें महसूस हुआ कि एक दारोगा के रूप में उनके काम करने का दायरा केवल एक मंडल स्तर तक ही सीमित है। समाज में बड़े स्तर पर बदलाव लाने के लिए उन्होंने राज्य सिविल सेवा (PCS) के जरिए DSP बनने का लक्ष्य तय किया। हालांकि, खाकी की जिम्मेदारी के साथ यह सफर आसान नहीं था।
7 साल बाद बनें DSP
वे ड्यूटी के बाद खाली समय में शॉर्ट नोट्स और वीडियो क्लासेस के जरिए पढ़ाई करते थे। इस दौरान उन्होंने 3 बार परीक्षा दी और तकनीकी कारणों से परीक्षा रद्द होने जैसी बाधाओं का भी सामना किया, लेकिन हार नहीं मानी। परीक्षा के समय छुट्टी लेकर उन्होंने तैयारी पर पूरा फोकस किया और आखिरकार 7 साल के लंबे इंतजार के बाद, अक्टूबर 2026 में वे DSP के पद पर चयनित हो गए।
श्रीकांत का यह सफर हर उस युवा के लिए प्रेरणा है जो बड़े सपने देखता है। यह कहानी साबित करती है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता—बस सही दिशा, अटूट विश्वास और लगातार मेहनत ही आपको दारोगा से DSP तक का सफर तय कराती है।
ये भी पढ़ें: कैंसर पीड़ित मां से किया वादा निभाया, UPSC CAPF पास कर निखिल द्विवेदी बने असिस्टेंट कमांडेंट
