UP PCS Result 2025: यूपी पीसीएस 2025 प्रीलिम्स रिजल्ट रद्द, इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जानें क्या है पूरा विवाद

UP PCS Result 2025: यूपी पीसीएस रिजल्ट 2025 की परीक्षा पर बड़ा फैसला। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने UPPCS-2025 की पूरी चयन प्रक्रिया दोबारा कराने का आदेश किया जारी। कोर्ट ने प्रीलिम्स का रिजल्ट रद्द करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को नए सिरे से मेरिट तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। 

Nov 27, 2026, 14:51 IST

UP PCS Result 2025: यूपी पीसीएस रिजल्ट 2025 को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला सामने आया है। कोर्ट ने प्रीलिम्स परीक्षा 2025 का रिजल्ट रद्द करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को फिर से मेरिट तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं। जिसमें उम्मीदवारों के मेंस और इंटरव्यू पर भी असर पड़ेगा। अब नए प्रीलिम्स रिजल्ट के आधार पर मेंस की परीक्षा होगी और फिर से क्वालिफाई हुए उम्मीदवारों को दोबारा इंटरव्यू में शामिल होना होगा।

कोर्ट ने आरक्षण और मेरिट-आधारित चयन प्रक्रिया को लेकर आयोग से वर्गवार ब्योरा मांगा है। इसके तहत आयोग को यह स्पष्ट करना होगा कि आरक्षित श्रेणी के कितने उम्मीदवारों ने अनारक्षित वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

आखिर मामला क्या था?

यह विवाद आरक्षित श्रेणी के उन उम्मीदवारों से संबंधित है, जिनके प्राप्तांक अनारक्षित वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक होने का दावा किया गया था। इसके बावजूद, उन्हें जनरल श्रेणी में स्थान नहीं दिया गया, जिससे वे मेन्स एग्जाम में बैठने से वंचित रह गए।

इसके खिलाफ उम्मीदवारों ने उच्च न्यायालय का रुख किया और मेधावी आरक्षित वर्ग के नियम के तहत ओपन कैटेगरी में चयन की मांग की। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि सामान्य/ओपन श्रेणी सभी श्रेणियों के लिए खुली होती है, इसलिए उच्च अंक प्राप्त करने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित कट-ऑफ के आधार पर इसमें शामिल किया जाना चाहिए। 

Related Stories

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 

UPPCS-2025 प्रीलिम्स एग्जाम के लिए कुल 6,26,387 अभ्यर्थियों ने आवेदन जमा किया था, जिसमें से 2,65,270 उम्मीदवार दोनों प्रश्नपत्रों में उपस्थित हुए। इस परीक्षा में 11,727 अभ्यर्थियों को मेन्स एग्जाम के लिए उत्तीर्ण किया गया, हालांकि मुख्य परीक्षा में 10,284 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। जिसके बाद कुल 2,297 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया।

क्या चयन प्रक्रिया फिर से शुरू होगी?

अभ्यर्थियों के अधिवक्ता के मुताबिक, प्रीलिम्स की परीक्षा दोबारा नहीं होगी, बल्कि उसी परीक्षा के आधार पर नए सिरे से मेरिट तैयार की जाएगी। इसमें मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी के योग्य अभ्यर्थियों को ओपन कैटेगरी में जगह दी जाएगी।

इसके बाद संशोधित मेरिट के आधार पर मेंस परीक्षा कराई जाएगी। मेंस का नया रिजल्ट जारी होने के बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया भी दोबारा होगी। यानी पहले हो चुके मेंस और इंटरव्यू के आधार पर चयन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।

 UP TGT Vacancy 2026: आवेदन की आखिरी तारीख आगे बढ़ी, 28 नवंबर तक करें ऑनलाइन अप्लाई


Priyanka Pal

Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर सरकारी नौकरी, रिजल्ट, स्कूल, सीबीएसई और अन्य राज्य परीक्षा बोर्ड के सभी लेटेस्ट जानकारियों के लिए ऐप डाउनलोड करें।