बड़ी अपडेट! EPFO से जुड़ी जानकारी पाने के लिए अब हर बार वेबसाइट या दूसरे प्लेटफॉर्म खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों और पेंशनर्स के लिए आधिकारिक WhatsApp चैनल शुरू कर दिया है। यानी अब PF से जुड़ी जरूरी जानकारी और नए अपडेट आपके WhatsApp पर ही पहुंच सकेंगे। चलिए इसके तहत मिलने वाले फीचर के बारे में डिटेल में पढ़ते है।
EPFO ने खुद दी चैनल की जानकारी
EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। संगठन ने लिखा, 'EPFO now on WhatsApp too!' साथ ही सदस्यों से अपने आधिकारिक WhatsApp चैनल को फॉलो करने की अपील की है।
EPFO ने चैनल से जुड़ने के लिए डायरेक्ट लिंक भी शेयर किया है। इसके अलावा, QR कोड स्कैन करके भी चैनल को फॉलो किया जा सकता है।
WhatsApp पर किस तरह के अपडेट मिलेंगे?
EPFO के मुताबिक, चैनल पर महत्वपूर्ण अपडेट और उपयोगी जानकारी साझा की जाएगी। इसमें EPFO की सेवाओं, नियमों और सदस्यों व पेंशनर्स से जुड़े जरूरी बदलावों की जानकारी मिल सकती है। बता दें कि इसका फायदा यह होगा कि EPFO से जुड़ी नई जानकारी के लिए आपको बार-बार अलग-अलग प्लेटफॉर्म चेक नहीं करने पड़ेंगे।
PF बैलेंस और क्लेम के लिए नहीं है WhatsApp चैनल
बता दें कि नया WhatsApp चैनल जानकारी देने के लिए है, PF अकाउंट चलाने के लिए नहीं है। यानी फिलहाल WhatsApp चैनल के जरिए आप अपना व्यक्तिगत PF बैलेंस चेक नहीं कर सकते, अकाउंट की डिटेल नहीं देख सकते और PF निकालने या क्लेम की प्रक्रिया शुरू नहीं कर सकते। इन सेवाओं के लिए EPFO के मौजूदा आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करना होगा।
कैसे जुड़ें EPFO के WhatsApp चैनल से
EPFO ने अपने आधिकारिक X पोस्ट में चैनल का लिंक साझा किया है। लिंक पर क्लिक करके WhatsApp चैनल को Follow किया जा सकता है। यदि आपके पास EPFO का QR कोड है, तो उसे स्कैन करके भी चैनल से जुड़ सकते हैं।
फर्जी PF मैसेज से रहें सावधान
PF से जुड़ी जानकारी के नाम पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। कोई व्यक्ति अगर EPFO के नाम पर आपसे OTP, बैंक डिटेल, पासवर्ड या दूसरी निजी जानकारी मांगता है, तो उसे बिल्कुल शेयर न करें। WhatsApp पर EPFO की जानकारी पाएं, लेकिन अपने PF अकाउंट की सुरक्षा के मामले में कोई जोखिम न लें।
डिजिटल सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक और कदम
EPFO लगातार अपनी सेवाओं और सूचनाओं को डिजिटल माध्यमों के जरिए लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। WhatsApp चैनल की शुरुआत भी इसी दिशा में एक कदम है। अब EPFO से जुड़ी जरूरी खबरें आपके उस ऐप पर भी मिलेंगी, जिसे ज्यादातर लोग रोजाना इस्तेमाल करते हैं।
ध्यान रखें कि WhatsApp पर EPFO के नाम से कई फर्जी अकाउंट या लिंक हो सकते हैं। इसलिए सिर्फ अफिशल चैनल को ही फॉलो करें।
