भारत को ग्राम प्रधान देश कहा जाता है। यहां के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हमें गांव देखने को मिलते हैं। इस कड़ी में यहां एक ऐसा गांव भी है, जिसे भारत का पहला ‘हाथी गांव’ भी कहा जाता है। क्या आप इस गांव के बारे में जानते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारत का पहला ‘हांथी गांव’
भारत का पहला 'हाथी गांव' यानि Elephant Village राजस्थान की राजधानी जयपुर में आमेर किले के पास अरावली की पहाड़ियों की तलहटी में कुंडा नामक स्थान पर स्थित है। यह देश का पहला और दुनिया का तीसरा ऐसा अनूठा गांव है, जिसे विशेष रूप से हाथियों और उनके महावतों के आवास एवं संरक्षण के लिए बसाया गया है।
Related Stories
कब हुई थी स्थापना और क्या था उद्देश्य
साल 2010 में राजस्थान सरकार और वन विभाग द्वारा लगभग 100 एकड़ भूमि में इस हाथी गांव की स्थापना की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य आमेर किले में पर्यटकों की सवारी कराने वाले हाथियों को शहर की भीड़भाड़ और खराब परिस्थितियों से निकालकर प्राकृतिक माहौल में एक सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक रहने की जगह देना था। इससे पहले ये हाथी और उनके महावत परिवार शहर के अलग-अलग हिस्सों में तंग जगहों पर रहते थे।
हाथी गांव की प्रमुख विशेषताएं और सुविधाएं
इस गांव को पूरी तरह हाथियों की शारीरिक और प्राकृतिक जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है:
-यहां हाथियों और उनके महावत परिवारों के रहने के लिए विशेष रूप से निर्मित बड़े आवास बनाए गए हैं। हर यूनिट में महावत के परिवार के लिए पक्के कमरे और हाथी के लिए बड़ा खुला व छायादार बाड़ा है।
-हाथियों को पानी में नहाना और अठखेलियां करना बहुत पसंद होता है। इसके लिए गांव में तीन बड़े कुंड बनाए गए हैं, जहां हाथी घंटों तक नहाते और तैरते हैं।
-अरावली की वादियों में बसे इस एरिया में हाथियों के भोजन और छाया के लिए हजारों की संख्या में पीपल, बरगद, गूलर और केले के पेड़ लगाए गए हैं।
-गांव के अंदर ही हाथियों की नियमित स्वास्थ्य जांच और इलाज के लिए पशु डॉक्टर्स की व्यवस्था है। यहां उनके खाने की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
पर्यटकों के लिए आकर्षण और गतिविधियां
हाथी गांव आज जयपुर के प्रमुख ईको-टूरिज्म केंद्रों में से एक बन चुका है। यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को हाथियों के करीब से जुड़ने का अवसर मिलता है।
-पर्यटक अपने हाथों से हाथियों को गन्ने, केले और गुड़ खिला सकते हैं।
-पर्यटक हाथियों को तालाब में नहलाने में मदद कर सकते हैं और प्राकृतिक रंगों से उनके शरीर पर पारंपरिक राजस्थानी कलाकृतियां बनाने का अनुभव ले सकते हैं।
-यहां पीढ़ियों से हाथियों की देखभाल कर रहे महावत परिवारों की अनूठी संस्कृति और हाथियों के साथ उनके रिश्ते को करीब से देखा जा सकता है।
