IPL 2027: 'हिटमैन' रोहित शर्मा की धमाकेदार वापसी, फिर संभालेंगे मुंबई इंडियंस की कमान

'हिटमैन' रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बन गए हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है।

Nov 27, 2026, 18:24 IST
11 साल तक रोहित ने संभाली थी मुंबई की कप्तानी
11 साल तक रोहित ने संभाली थी मुंबई की कप्तानी

Rohit Sharma Captain Mumbai Indians: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने क्रिकेट फैंस को रोमांचित कर दिया है। पांच बार अपनी कप्तानी में टीम को चैंपियन बनाने वाले 'हिटमैन' रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बन गए हैं।

करीब तीन साल बाद रोहित की कप्तानी में वापसी से टीम को एक बार फिर पुराने सुनहरे दौर में लौटने की उम्मीद है। वहीं, हार्दिक पांड्या का मुंबई के साथ सफर खत्म हो गया है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया है।

11 साल तक रोहित ने संभाली थी मुंबई की कप्तानी

रोहित शर्मा ने साल 2013 में पहली बार मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली थी। उनके नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। रोहित ने 2024 तक टीम की कमान संभाली, लेकिन इसके बाद फ्रेंचाइजी ने बड़ा फैसला लेते हुए हार्दिक पांड्या को नया कप्तान बना दिया था।

हालांकि, हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। पिछले तीन सीजन में टीम केवल एक बार प्लेऑफ तक पहुंच पाई। मैदान पर लगातार निराशाजनक प्रदर्शन और मैदान के बाहर हुए विवादों के बीच फ्रेंचाइजी ने नेतृत्व में बदलाव का फैसला किया।

Related Stories

रोहित पर फिर जताया भरोसा

हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड किए जाने के बाद मुंबई इंडियंस को नए कप्तान की तलाश थी। इस रेस में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे नाम भी शामिल थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने अनुभवी रोहित को दोबारा कप्तान बनाने का फैसला किया है। 

कैसा रहा है रोहित शर्मा का कप्तानी रिकॉर्ड?

मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अपनी पहली कप्तानी पारी में कुल 163 मैचों में टीम का नेतृत्व किया। इस दौरान मुंबई ने 91 मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि 68 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। चार मुकाबले बेनतीजा रहे। बतौर कप्तान उनका जीत प्रतिशत 57.05 रहा।

मुंबई के साथ मिली इस सफलता ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी रोहित की कप्तानी को नई पहचान दी। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने 2024 में टी20 विश्व कप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। अब आईपीएल 2027 में रोहित की वापसी से मुंबई इंडियंस के फैंस को एक बार फिर ट्रॉफी जीतने की उम्मीद होगी।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.