Jaipur 299th foundation day 2026 history of pink city: राजस्थान की शान, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली विरासत का प्रतीक गुलाबी नगरी जयपुर अपनी अनूठी पहचान से विश्वभर में आकर्षण का केंद्र है। 18 नवंबर को जयपुर शहर का 299वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजस्थान की राजधानी जयपुर को हम पिंक सिटी के नाम से जानते हैं। शुरुआती दौर में शहर का नाम ‘सवाई जयपुर’ रखने का विचार था, जिसे कछवाहा शासन में ‘राय सवाई जयपुर’ और कई मौकों पर ‘जैनगर’ भी पुकारा गया। इतिहास के पन्नों में जैनगर, जयनगघर, जेयपोर, जयपूर, जेइपोर और जेयपोर के विभिन्न रूप दर्ज मिलते हैं। खूबसूरत इमारतों, रंगीन बाजारों, भव्य किले और राजसी महलों के लिए मशहूर यह शहर आखिर पिंक सिटी बना कैसे?
कब रखी गई जयपुर की आधारशिला
जयपुर केवल पिंक सिटी ही नहीं, बल्कि दुनिया का पहला 'वेल-प्लांड' शहर भी माना जाता है। गंगापोल गेट के समीप 1727 में जयपुर की आधारशिला रखी गई और नौ साल में यह प्लांड शहर तैयार हुआ। जयपुर शहर की स्थापना 18 नवंबर, 1727 में कछवाहा वंश के महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने करवाई थी। उन्होंने बंगाल के मशहूर वास्तुकार विद्या धर भट्टाचार्य की मदद से इसकी रूपरेखा तैयार की और इस शहर की योजना बनाई।
पहले पीला और सफेद था जयपुर
जयपुर शहर जब बसाया गया था, तब इसका रंग सफेद और पीला था। स्थापना के करीब 100 साल बाद इसे गुलाबी किया गया और पिंक सिटी का नाम दिया गया। आज भी जब आप जयपुर शहर से आमेर की ओर जाते हैं तो पीले रंग की इमारतें और बाजार नजर आते हैं, जो आपको पुराने जयपुर की याद दिलाएंगे।
ऐसे बदला रंग
बात 1876 की है। ब्रिटिश शासनकाल में प्रिंस ऑफ वेल्स अपने दौरे पर भारत आए थे। इस दौरान जयपुर शहर घूमने की योजना बनाई गई। तब जयपुर के तत्कालीन महाराज ने पूरे जयपुर शहर को गुलाबी रंग में रंगने और सजाने की योजना बनाई, ताकि प्रिंस ऑफ वेल्स इस शहर की खूबसूरती को देखकर प्रभावित हों।
सवाई राम सिंह द्वितीय
जयपुर को गुलाबी रंग में रंगने का श्रेय जाता है महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय। महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय ने शहर को गुलाबी रंग में सजाया था और खास बात ये है कि आज तक इसे उसी गुलाबी रंग में बरकरार रखा गया है। 100 साल बाद गुलाबी हुआ जयपुर आज 299 साल का होने पर भी गुलाबी नगरी के नाम से ही जाना जाता है। नाम की बात करें तो लंबी प्रशासनिक यात्रा के बाद 1897 में ‘जेयपोर’ और वर्ष 1898 में इसकी वर्तमान वर्तनी ‘जयपुर’ पर आधिकारिक मुहर लगी। तब से लेकर आज तक यही नाम शहर की वैश्विक पहचान बना हुआ है।
