भारत का वह जिला, जिसे कहा जाता है ‘गलियों का शहर’
भारत में आपने अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यहां एक ऐसा जिला भी है, जिसे ‘गलियों का शहर’ भी कहा जाता है। कौन-सा है यह जिला, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
भारत का मानचित्र उठाकर देखें, तो हमें यहां कुल 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश देखने को मिल जाएंगे। इनमें जिलों की संख्या की बात करें, तो इनकी संख्या 800 से अधिक है। इस कड़ी में यहां एक जिला ऐसा भी है, जिसे ‘गलियों का शहर’ भी कहा जाता है। गलियों के साथ-साथ यह अध्यात्मिक शहर भी है। शायद अब आपको पता चल गया होगा, यदि नहीं, तो जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
कौन-सा जिला है ‘गलियों का शहर’
उत्तर प्रदेश के प्राचीन नगर वाराणसी या काशी को दुनिया भर में ‘गलियों का शहर’ यानि City of Lanes के नाम से जाना जाता है। गंगा के पश्चिमी तट पर अस्सी घाट से लेकर राजघाट तक फैला यह जीवंत शहर अपनी पतली और भूलभुलैया जैसी और सदियों पुरानी गलियों के नेटवर्क के लिए जाना जाता है।
क्यों कहा जाता है ‘गलियों का शहर’
-काशी दुनिया के सबसे प्राचीन जीवित शहरों में से एक है। मध्यकाल में बाहरी आक्रमणकारियों और घुड़सवार सेनाओं की गति को रोकने के लिए शहर की गलियों को जानबूझकर बहुत संकरा और घुमावदार बनाया गया था, ताकि दुश्मन की बड़ी सेना एक साथ शहर के भीतर प्रवेश न कर सके।
-वाराणसी में गर्मियों के दौरान प्रचंड धूप और लू चलती है। ऊंचे-ऊंचे मकानों के बीच बनी ये पतली गलियां प्राकृतिक 'एयर कंडीशनर' का काम करती हैं, जहां सीधी धूप कम पहुंचती है और छाया तथा ठंडक बनी रहती है।
पक्का महाल का एरिया है प्रसिद्ध
वाराणसी के सबसे पुराने आवासीय क्षेत्र को 'पक्का महाल' कहा जाता है, जहां पत्थर और ईंटों से बने बहुमंजिला मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं। इन मकानों के बीच से गुजरने वाली गलियां इतनी पतली हैं कि कई जगहों पर दो लोग भी बमुश्किल एक साथ निकल पाते हैं। ये गलियां बिना किसी मुख्य सड़क पर आए मीलों तक एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
काशी की प्रमुख और ऐतिहासिक गलियां
वाराणसी की हर गली की अपनी एक अलग पहचान, व्यवसाय और इतिहास है:
-विश्वनाथ गली: यह काशी की सबसे प्रसिद्ध गली है, जो सीधे बाबा विश्वनाथ के मंदिर तक जाती है। यहां पूजा सामग्री, रुद्राक्ष, पीतल की मूर्तियां और पारंपरिक खिलौनों की सदियों पुरानी दुकानें हैं।
-कचौड़ी गली: अपने पारंपरिक बनारसी नाश्ते के लिए यह गली दुनिया भर में मशहूर।
-ठठेरी बाजार गली: पीतल और तांबे के कलात्मक बर्तनों के निर्माण और व्यापार के केंद्र के रूप में इस गली की पहचान है।
-मदनपुरा और पीलीकोठी की गलियां: ये गलियां विश्व प्रसिद्ध बनारसी साड़ी और रेशमी बुनाई के करघों का मुख्य गढ़ कहलाती हैं।
-नारद और शीतला गली: प्राचीन मंदिरों, अखाड़ों और शास्त्रीय संगीत के घरानों से ये गलियां जुड़ी हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.