उत्तर प्रदेश की इकलौती जगह, जहां उल्टी दिशा में बहती है यमुना नदी
उत्तर प्रदेश की प्रमुख नदियों की बात करें, तो इनमें गंगा और यमुना, दोनों का ही नाम आता है। ये नदियां हिमालय से होते हुए यूपी में अपना लंबा सफर तय करती हैं। इस कड़ी में यूपी में एक जगह ऐसी भी है, जहां यमुना नदी उल्टी दिशा में बहती है।
उत्तर प्रदेश की प्रमुख नदियों की बात करें, तो इनमें गंगा और यमुना, दोनों का ही नाम आता है। ये नदियां प्रदेश में एक लंबी दूरी तय करने के साथ-साथ कृषि और पीने के पानी के लिए बहुत ही उपयोगी मानी जाती हैं। यमुना नदी गंगा की सबसे बड़ी सहायक नदी है, जो कि यूपी के अलग-अलग जिलों से बहती है। हालांकि, एक जगह ऐसी भी है, जहां यमुना नदी अपनी दिशा बदलकर उल्टी दिशा में बहती है। कौन-सी है यह जगह और क्या है उल्टा बहने का कारण, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
किस स्थान पर उल्टी दिशा में बहती है यमुना
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में स्थित प्राचीन तीर्थ स्थल बटेश्वर वह इकलौता स्थान है, जहां यमुना नदी अपनी सामान्य दिशा के बदले उल्टी दिशा में बहती है।
किस दिशा में बहती है यमुना नदी
सामान्य तौर पर यमुना नदी हिमालय से निकलकर उत्तर से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर बहती हुई प्रयागराज में गंगा से मिलती है। लेकिन, आगरा जिले की बाह तहसील स्थित बटेश्वर में नदी का प्रवाह एक तीखा अर्धचंद्राकार मोड़ लेता है, जिससे यहां नदी का बहाव दक्षिण से उत्तर या पश्चिम दिशा की ओर दिखाई देता है।
क्या है भौगोलिक कारण
आगरा के मैदानी इलाकों से गुजरते समय जब यमुना नदी चंबल के बीहड़ों की सीमा के पास बटेश्वर पहुंचती है, तो जमीन की बनावट और कठोर कछारी चट्टानों के के कारण नदी लगभग 4 किलोमीटर के दायरे में एक अर्धचंद्राकार मोड़ बनाती है। इस तेज घुमाव के कारण बटेश्वर के मुख्य घाटों पर नदी का प्रवाह अपनी मूल दक्षिण-पूर्वी दिशा के ठीक उल्टा यानी उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ जाता है। भौगोलिक भाषा में इसे नदी का विसर्पण यानि रिवर मिंडरिंग कहते हैं।
कहा जाता है 'छोटी काशी'
हिंदू धर्म में किसी भी पवित्र नदी का उल्टी दिशा में बहना अच्छा माना जाता है। जैसे वाराणसी में गंगा नदी उत्तरवाहिनी होकर बहती है। इसी कारण बटेश्वर को ‘छोटी काशी’ कहा जाता है। यमुना के इसी उल्टे प्रवाह वाले अर्धचंद्राकार तट पर भदावर वंश के शासक राजा बदन सिंह भदौरिया ने 17वीं-18वीं शताब्दी में एक ही लाइन में 101 शिव मंदिरों का निर्माण कराया था। मौजूदा समय में इनमें से लगभग 42 मंदिर सुरक्षित हैं।
बटेश्वर का पशु मेला है मशहूर
हर साल कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर यहां विश्व प्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेला लगता है, जो बिहार के सोनपुर मेले के बाद भारत का सबसे बड़ा पारंपरिक पशु मेला है। आपको बता दें कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक गांव बटेश्वर ही है। उन्होंने अपने बचपन के कई साल यमुना के इन्हीं घाटों पर बिताए थे।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.